Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में आज, 24 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। खासकर चांदी के भाव में बड़ी बढ़त दर्ज की गई है। MCX पर चांदी 6,392 रुपये महंगी होकर 1.54 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है। वहीं, सोने की कीमत में भी 4,243 रुपये का उछाल आया है।
हालांकि, आज गुरु नानक जयंती के अवसर पर शेयर बाजार बंद है। हाजिर बाजार में भी सामान्य कारोबार नहीं होने के कारण आधिकारिक रेट में दिन के दौरान नया बदलाव नहीं होगा। दूसरी ओर, MCX पर सुबह का सत्र बंद है, जबकि शाम 5 बजे से रात 11:30/11:55 बजे तक कारोबार जारी रहेगा। ऐसे में आज के भाव पिछले कारोबारी सत्र की क्लोजिंग और सुबह उपलब्ध सांकेतिक रेट पर आधारित हैं।
आज कितना महंगा हुआ 24 कैरेट सोना?
MCX पर सोने की कीमत में करीब 3.48 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इसके चलते 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 4,243 रुपये बढ़कर 1,26,021 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वहीं, बुलियंस की ओर से जारी सांकेतिक रिटेल रेट के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 1,27,000 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।

24 नवंबर को 14 से 24 कैरेट सोने के ताजा भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक अलग-अलग शुद्धता वाले सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:
सोने की शुद्धता कीमत (प्रति 10 ग्राम)
24 कैरेट ₹1,24,945
23 कैरेट ₹1,24,445
22 कैरेट ₹1,14,450
18 कैरेट ₹93,709
14 कैरेट ₹73,093
ध्यान रखें कि ये IBJA के बताए गए भाव हैं। ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज, GST और अन्य लागू शुल्क जुड़ने से अंतिम कीमत अलग हो सकती है।
चांदी की कीमत में ₹6,392 का बड़ा उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। MCX पर चांदी का भाव करीब 4.32 प्रतिशत बढ़कर 1,54,205 रुपये प्रति किलो हो गया है।
इसमें एक ही कारोबारी सत्र के मुकाबले 6,392 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले चांदी 1,47,813 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
वहीं, बुलियंस के सांकेतिक रेट के अनुसार चांदी की कीमत 1,54,960 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। IBJA के मुताबिक चांदी का भाव 1,52,625 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें…
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी का क्या है भाव?
घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। अमेरिकी COMEX बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार:
सोना: 3,644.10 डॉलर प्रति औंस
चांदी: 43.58 डॉलर प्रति औंस