नई दिल्ली : करवाचौथ से पहले सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। बीते कुछ दिनों से लगातार बढ़ती दरों ने न सिर्फ आम ग्राहकों को परेशान किया है, बल्कि सराफा व्यापारियों के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींच दी हैं।
जहां शनिवार को चांदी की कीमत 1,50,400 रुपये प्रति किलो थी, वहीं सोमवार को इसमें चार हजार रुपये का उछाल आया और भाव 1,54,400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए। इसी तरह, दस ग्राम सोने की कीमत में 2,150 रुपये का इजाफा हुआ और यह 1,21,000 रुपये से बढ़कर 1,23,150 रुपये हो गई।
त्योहार से पहले महंगे हुए दाम, खरीदारी पर ब्रेक
करवाचौथ और दीपावली जैसे त्योहारों पर आमतौर पर सोने-चांदी की मांग में तेजी देखी जाती है। लेकिन इस बार लगातार बढ़ते दामों ने ग्राहकों की जेब पर सीधा असर डाला है। नतीजतन, बाजारों में खरीदारों की चहल-पहल कुछ कम हो गई है।
व्यापारियों का कहना है कि उपभोक्ता अब कीमतों के स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अगर मौजूदा रुझान बना रहा तो दीपावली तक दाम नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकते हैं।

वैश्विक कारणों से तेजी का माहौल
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की मांग में इजाफा हुआ है। साथ ही डॉलर की मजबूती भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी लाने वाली प्रमुख वजहों में से एक है।
इसके अलावा, भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित संपत्तियों की ओर बढ़ा है। यही कारण है कि बाजार में गोल्ड और सिल्वर की मांग बनी हुई है।
छोटे निवेशक कर रहे हैं दूरी
तेजी से बढ़ते भावों के चलते छोटे निवेशकों ने हाथ पीछे खींच लिए हैं। इससे बाजार में सामान्य लेन-देन की गति कुछ धीमी पड़ी है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जो ग्राहक त्योहारों के लिए खरीदारी की योजना बना रहे हैं, उन्हें ज्यादा देर इंतजार नहीं करना चाहिए क्योंकि कीमतों में आगे भी तेजी की संभावना जताई जा रही है।
बीते महीनों में ऐसा रहा सोने-चांदी का सफर:
तारीख सोना (10 ग्राम) चांदी (1 किलो)
अगस्त ₹1,06,000 ₹1,24,900
01 सितम्बर ₹1,08,000 ₹1,28,000
11 सितम्बर ₹1,12,800 ₹1,31,000
20 सितम्बर ₹1,13,800 ₹1,34,000
26 सितम्बर ₹1,17,460 ₹1,46,260
03 अक्टूबर ₹1,19,750 ₹1,47,400
04 अक्टूबर ₹1,21,000 ₹1,50,400
06 अक्टूबर ₹1,23,150 ₹1,54,400
मेष: दिन शुभ रहेगा...