Site icon Dainik Savera Times

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर, सोना और चांदी की कीमत में आई भारी गिरावट

Gold and Silver Prices Fall on Profit Booking

Gold and Silver Prices Fall on Profit Booking

बिजनेस डेस्क। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनावों के बीच गुरुवार को कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली। दिन के कारोबार में कीमती धातुओं पर बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिससे मध्य पूर्व में तनाव के उच्च स्तर पर बने रहने के बावजूद एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों कई हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गए।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को 999 प्यूरिटी वाला गोल्ड 1,47,889 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया, जबकि इससे पहले बुधवार को 999 प्यूरिटी वाले गोल्ड की कीमत 1,54,879 रुपए थी। यानी एक ही दिन में सोने का भाव 6,990 रुपए गिर गया। वहीं, अगर चांदी की बात करें तो आईबीजेए के अनुसार, गुरुवार को 999 प्यूरिटी वाली चांदी का भाव 2,29,873 रुपए प्रति किलोग्राम रहा, जो बीते बुधवार को 2,49,907 रुपए प्रति किलोग्राम था। यानी एक ही दिन में चांदी की कीमत 20,034 रुपए प्रति किलो कम हो गई। ध्यान देने वाली बात है कि आईबीजेए के अनुसार, पिछले एक हफ्ते में ही सोने का दाम 12,000 रुपए से ज्यादा गिर गया है, जबकि चांदी का भाव 38,000 रुपए से ज्यादा सस्ता हो गया है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी सोने और चांदी की कीमतों बड़ी गिरावट देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक (शाम करीब 6.36 बजे) अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 6.87 प्रतिशत यानी 10,509 रुपए गिरकर 1,42,516 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 11.94 प्रतिशत यानी 30,297 रुपए गिरकर 2,23,400 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड करती नजर आई।

गुरुवार को 2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना 1,51,941 रुपए खुलने के बाद एक समय 1,52,449 रुपए के उच्चतम स्तर तो एक समय 1,41,121 रुपए प्रति 10 ग्राम के दिन के निम्नतम स्तर तक पहुंच गया, जो फरवरी की शुरुआत के बाद का सबसे निचला स्तर है। वहीं, 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी 2,45,000 रुपए पर खुलने के बाद एक समय 2,45,674 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर तो एक समय 2,14,212 रुपए प्रति किलो के दिन के निम्नतम स्तर तक पहुंच गई थी।

आज की गिरावट के साथ, सफेद धातु की इस महीने की अब तक की गिरावट 20 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई है, जिससे यह लगातार दूसरे महीने गिरावट की ओर अग्रसर है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनावों के चलते वैश्विक बाजार में अस्थिरता के बीच पिछले कुछ समय से सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान युद्ध की खबरों, अमेरिकी डॉलर की दर और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से माहौल अस्थिर बना हुआ है, जिसका असर कीमती धातुओं पर देखने को मिल रहा है।

Exit mobile version