Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोना, चांदी और शेयर बाजार ने इस साल इतना दिया रिटर्न, बदली निवेशकों की किस्मत!

December 13, 2025

सोना, चांदी और शेयर बाजार ने इस साल इतना दिया रिटर्न, बदली निवेशकों की किस्मत!

नई दिल्ली: वर्ष 2025 निवेशकों के लिए मिला-जुला रहा। जबकि सोने और चांदी जैसी बहुमूल्य धातुओं ने इस साल निवेशकों की किस्मत बदल दी, वहीं भारतीय शेयर बाजार अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका।

शेयर बाजार की धीमी गति

बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 ने इस साल निवेशकों को मामूली ही रिटर्न दिए। पिछले साल 12 दिसंबर को सेंसेक्स 82,133.12 अंक पर बंद हुआ था, जबकि इस साल इसी तारीख को यह 85,267.66 के स्तर पर बंद हुआ, यानी सालाना 3.81% की बढ़त। वहीं, निफ्टी 50 में 24,768.30 से बढ़कर 26,046.95 अंक तक उछाल दर्ज किया गया, जो लगभग 5.16% का सालाना रिटर्न बनता है।

वैश्विक तुलना में यह प्रदर्शन काफी कमजोर रहा। विश्लेषकों का मानना है कि इस मंदी के पीछे विदेशी निवेशकों का भरोसा कम होना मुख्य कारण रहा। साल की शुरुआत से अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से लगभग 1.43 लाख करोड़ रुपये बाहर निकाले।

चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, निवेशकों को मिला 107% रिटर्न

इस साल चांदी निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक विकल्प रही। साल की शुरुआत में चांदी की कीमत लगभग 86,000 से 87,000 रुपये प्रति किलो थी, जबकि दिसंबर तक इसकी कीमत 2 लाख रुपये के पार चली गई। इसका मतलब है कि निवेशकों को इस साल चांदी में लगभग 107% का शानदार रिटर्न मिला। वैश्विक स्तर पर बढ़ती मांग और औद्योगिक उपयोग ने चांदी की कीमतों को इस ऊंचाई तक पहुँचाया।

सोना भी चमका, लेकिन चांदी से पीछे

सोने ने भी निवेशकों को अच्छा लाभ दिया, हालांकि चांदी जितनी तेजी नहीं देखी गई। साल की शुरुआत में सोने का भाव 73,000 से 75,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो दिसंबर तक बढ़कर 1,30,000 रुपये तक पहुँच गया। इस हिसाब से सोने में निवेशकों को करीब 68% का रिटर्न मिला।

ये भी पढ़ें: ऑफिस जल्दी पहुंचने की वजह से गई नौकरी, कोर्ट भी नहीं कर पाया मदद, जानें पूरा मामला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें