Dainik Savera Times

Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी के दाम आज महंगे हुए या सस्ते? जानें Latest Rate

Gold and Silver Price

Gold-Silver Price Today: लगातार तीन दिनों तक चली ऐतिहासिक गिरावट के बाद सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जान लौटती दिख रही है। 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच आई तेज बिकवाली के बाद 3 फरवरी को जहां रिकवरी शुरू हुई, वहीं आज बुधवार को लगातार दूसरे दिन दोनों कीमती धातुओं के भाव में मजबूती दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेज उछाल

खबर लिखे जाने तक वैश्विक बाजार में सोने की कीमत 2.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 5054.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वहीं चांदी भी पीछे नहीं रही और 2.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 87.33 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई।

बुधवार के कारोबारी सत्र में सोने ने 4910.35 डॉलर का इंट्राडे लो और 5065.31 डॉलर का इंट्राडे हाई छुआ। वहीं चांदी का दायरा 83.24 डॉलर से लेकर 88.24 डॉलर प्रति औंस तक रहा। साफ है कि बाजार में उतार-चढ़ाव अभी भी काफी ज्यादा बना हुआ है।

घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी की जबरदस्त रिकवरी

दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी के भाव 24,000 रुपये यानी करीब 9.23 प्रतिशत बढ़कर 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुए।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही चांदी 52,000 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,60,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई थी। इससे पहले 29 जनवरी को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलो के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद महज तीन दिनों में इसमें करीब 1,44,500 रुपये यानी लगभग 36 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

सोने के भाव में भी सुधार

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी रिकवरी देखने को मिली। मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 5,000 रुपये यानी करीब 3.3 प्रतिशत चढ़कर 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। सोमवार को यही भाव 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

ये भी पढ़ें: पंजाब में फिर बढ़ा कोहरा, 15 जिलों में यलो अलर्ट, जीरो विजिबिलिटी के चलते 2 फ्लैट्स कैंसिल

29 जनवरी को सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा था। वहां से अब तक इसमें लगभग 30,300 रुपये यानी करीब 17 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। हालांकि गिरावट के इस दौर में चांदी की तुलना में सोना कहीं ज्यादा स्थिर नजर आया।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा तेजी शॉर्ट-कवरिंग और निवेशकों की खरीदारी का नतीजा हो सकती है, लेकिन कीमतों में उतार-चढ़ाव अभी बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहने और जल्दबाजी में फैसले लेने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Exit mobile version