Site icon Dainik Savera Times

सोने-चांदी के दामों में गिरावट, खरीदारों को मिली राहत

Gold and silver price

Gold and silver price

सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए खुशखबरी है। गुरुवार को कीमती धातुओं के दाम में फिर बड़ी गिरावट देखी गई, जिससे कीमतें 28,000 रुपए तक कम हो गई हैं।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव 4,123 रुपए घटकर 1,52,502 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि इससे पहले यह 1,56,625 रुपए था। 22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,873 रुपए से घटकर 1,39,692 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। 18 कैरेट सोना अब 1,14,377 रुपए प्रति 10 ग्राम में मिल रहा है, जो पहले 1,18,619 रुपए था।

चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट आई है। चांदी का भाव 28,123 रुपए घटकर 2,54,339 रुपए प्रति किलो हो गया, जबकि इससे पहले यह 2,82,462 रुपए था।

हाजिर और वायदा बाजार दोनों में कमजोरी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अप्रैल 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.13% गिरकर 1,51,318 रुपए हो गया। चांदी का मार्च 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 8.53% गिरकर 2,45,925 रुपए रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी कमजोर रहे। सोने की कीमत 1.28% गिरकर 4,887 डॉलर प्रति औंस और चांदी 7.42% गिरकर 78 डॉलर प्रति औंस रह गई।

एलकेपी सिक्योरिटीज के जतीन त्रिवेदी के अनुसार, सोने में सत्र के दौरान कमजोरी रही, जिससे कॉमेक्स पर सोना 100 डॉलर प्रति औंस और एमसीएक्स पर लगभग 1,000 रुपए सस्ता हो गया। निवेशकों की नजर अब अमेरिका से आने वाले बेरोजगारी और अन्य आर्थिक आंकड़ों पर होगी।

त्रिवेदी ने आगे कहा कि कॉमेक्स पर सोने के लिए 5,000 डॉलर प्रति औंस रुकावट का स्तर है, जबकि 4,700–4,750 डॉलर प्रति औंस सपोर्ट माना जा रहा है। इसके मुताबिक, सोने की कीमत जल्द ही 1,48,000 रुपए के आसपास रह सकती है।

Exit mobile version