Site icon Dainik Savera Times

Google अब भारत में शुरू करेगा Pixel phones का प्रोडक्शन, कंपनी ने दी जानकारी

नई दिल्ली: एप्पल के बाद अब गूगल भी भारत में अपने पिक्सल स्मॉर्टफोन की मैन्युफैक्चरिंग करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी की योजना भारत में फोन मैन्युफैक्चरिंग कर अमेरिका और यूरोप में निर्यात करना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिग्गज टेक कंपनी (गूगल) फॉक्सकॉन और डिक्सन टेक्नोलॉजीज की सहयोगी कंपनी पैडगेट इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ मिलकर उत्पादन शुरू करेगी।

कंपनी ने तमिलनाडु में फॉक्सकॉन के साथ मिलकर ट्रायल प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। फॉक्सकॉन ही भारत में एप्पल के लिए प्रोडक्ट्स बनाती है। हालांकि, गूगल की ओर से इस रिपोर्ट पर फिलहाल कोई जबाव नहीं दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल पहली छमाही में भारत में पिक्सल फोन का प्रोडक्शन शुरू करने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। पिक्सल के बेस वेरिएंट को डिक्सन टेक्नोलॉजीज और प्रो वेरिएंट्स को फॉक्सकॉन की ओर से बनाया जा सकता है।

कमर्शियल प्रोडक्शन को सितंबर में शुरू किया जा सकता है। वहीं, प्रोडक्शन स्थिर होने पर कंपनी निर्यात शुरू कर सकती है। कंपनी का यह कदम सरकार के प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) प्रोग्राम के अनुरूप है। इसके तहत सरकार घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है। चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीने में एप्पल की ओर से 16,500 करोड़ रुपये आईफोन का निर्यात किया जा चुका है। वित्त वर्ष 24 में एप्पल की ओर से 14 अरब डॉलर के आईफोन का उत्पादन किया गया है।

एप्पल की ओर से भी भारत में आईफोन का उत्पादन लगातार बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा था कि दुनिया में हर सात में से एक आईफोन अब भारत में बन रहा है। इंडिया सेलुलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए) डेटा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 में मोबाइल फोन का प्रोडक्शन 4.10 लाख करोड़ रुपये रहा था, जो कि वित्त वर्ष 2014-15 में 18,900 करोड़ रुपये था। पीएलआई स्कीम के कारण इसमें 2,000 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

ये भी पढ़ें: इंडिगो पर यूबीएस का रुख नरम, रेटिंग और टारगेट प्राइस कम

Exit mobile version