Site icon Dainik Savera Times

टमाटर रविवार से खुदरा में 40 रु. किलो के भाव बेचवाएगी सरकार

नयी दिल्ली: केंद्रीय उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता माहासंघ लि. (एनसीसीएफ) और नेफेड को 20 अगस्त से 40 रुपये प्रति किलोग्राम के खुदरा मूल्य पर टमाटर बेचने का निर्देश दिया गया है। अभी ये एजेंसियां 50 रुपये के भाव पर टमाटर बेच रही हैं। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने थोक और खुदरा बाजारों में टमाटर की कीमतों में लगातार जारी गिरावट को देखते हुए यह ताजा निर्देश जारी किया है।

मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है,“दिल्ली-एनसीआर में टमाटर की खुदरा बिक्री 14 जुलाई, 2023 से शुरू हुई थी। गत 13 अगस्त, 2023 तक दोनों एजेंसियों ने कुल 15 लाख किलोग्राम टमाटर की खरीद की है, जिसे देश के प्रमुख खपत केंद्रों में खुदरा उपभोक्ताओं को लगातार बेचा जा रहा है। इन स्थानों में दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान (जयपुर, कोटा), उत्तर प्रदेश (लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज) और बिहार (पटना, मुजफ्फरपुर, आरा, बक्सर) शामिल हैं।”

एनसीसीएफ और नेफेड द्वारा खरीदे गए टमाटरों की खुदरा कीमत शुरू में 90 रुपये प्रति किलोग्राम तय की गई थी जिसे उपभोक्ताओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए कीमतों में गिरावट के अनुरूप क्रमिक रूप से कम किया गया।

खुदरा मूल्य को 15 अगस्त को घटा कर 50 रुपये किया गया था और अब इसे 40 रुपये किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि उपभोक्ता मामलों के विभाग के निर्देश पर एनसीसीएफ और नेफेड ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर की खरीद शुरू की थी जिससे प्रमुख खपत केंद्रों में एक साथ बिक्री की जा सके, जहां खुदरा कीमतों में पिछले एक महीने में अधिकतम वृद्धि दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें : Health News : रोज सुबह खाली पेट पिएं आंवला जूस, तेजी से घटेगा वजन

Exit mobile version