Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

दीपावली से पहले सोने-चांदी की कीमत में शानदार उछाल, एक लाख पहुंचेंगे सिल्वर के दाम

October 22, 2024

दीपावली से पहले सोने-चांदी की कीमत में शानदार उछाल, एक लाख पहुंचेंगे सिल्वर के दाम

नई दिल्ली: भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमत में बड़ा उछाल देखने को मिला है। चांदी का भाव 97 हजार रुपये प्रति किलो तो सोने की कीमत करीब 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। सोने और चांदी की कीमतों में उछाल की वजह वैश्विक उठापटक को माना जा रहा है।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की वेबसाइट के मुताबिक, सोमवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 558 रुपये बढ़कर 77,968 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जो इससे पहले 77,410 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखा जा रहा है। सोमवार को एक किलो चांदी की कीमत 4,884 रुपये बढ़कर 97,167 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। शुक्रवार को चांदी का भाव 92,283 रुपये प्रति किलो था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी में वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि चांदी की कीमत में अच्छा उछाल देखने को मिल रहा है। सोने की कीमतें 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने के कारण लोग चांदी की तरफ जा रहे हैं। चांदी की कीमत बढ़ने की वजह ईवी सेक्टर और फोटोवॉल्टिक एप्लिकेशन में सिल्वर का उपयोग बढ़ना है।

त्रिवेदी ने आगे कहा कि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमसीएक्स) पर चांदी की कीमतें बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी अपने ऑल-टाइम हाई 34 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया है। अगर यह 34 डॉलर के लेवल को तोड़ता है तो चांदी में और तेजी आ सकती है और एमसीएक्स पर 1,00,000 का लेवल देखने को मिल सकता है।

त्रिवेदी ने निवेशकों को सलाह देते हुए कहा कि चांदी में इस समय गिरावट पर खरीदारी सही रणनीति रहेगी। अगर कोई भी गिरावट आती है तो निवेशकों को खरीदारी के मौके तलाशने चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें