Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

एचएएल को तीसरी तिमाही में बड़ी बढ़त, मुनाफा 30 फीसदी बढ़कर 1,867 करोड़ रुपये

February 12, 2026

एचएएल को तीसरी तिमाही में बड़ी बढ़त, मुनाफा 30 फीसदी बढ़कर 1,867 करोड़ रुपये

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। सरकारी रक्षा कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 29.6 फीसदी बढ़कर 1,866.66 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1,439.79 करोड़ रुपये था।

कंपनी की आय में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। संचालन से राजस्व 10.65 फीसदी बढ़कर 7,698.80 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 6,957.31 करोड़ रुपये था। वहीं कुल आय 8,612.60 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 7,588.71 करोड़ रुपये थी।

तिमाही नतीजों के साथ कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। एचएएल अपने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 35 रुपये का लाभांश देगी। 18 फरवरी को रिकॉर्ड डेट तय की गई है और पात्र शेयरधारकों को 14 मार्च 2026 तक यह राशि दे दी जाएगी।

एचएएल लगातार निवेशकों को डिविडेंड देती रही है। 28 मार्च 2019 से अब तक कंपनी 14 बार लाभांश घोषित कर चुकी है। बीते एक साल में कंपनी ने कुल 40 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड दिया, जिससे डिविडेंड यील्ड 0.98 फीसदी रही। इससे पहले 15 रुपये प्रति शेयर (रिकॉर्ड डेट 21 अगस्त 2025) और 25 रुपये प्रति शेयर (रिकॉर्ड डेट 18 फरवरी 2025) का डिविडेंड दिया गया था।

बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को दोपहर 2.21 बजे तक एचएएल का शेयर 4,161 रुपये पर कारोबार कर रहा था। पिछले 52 हफ्तों में शेयर ने 5,166 रुपये का उच्चतम और 3,045.95 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 2,78,812.30 करोड़ रुपये है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें