नई दिल्ली: पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और विश्व कप विजेता हरमनप्रीत कौर को बैंक की पहली महिला ब्रांड अंबैसेडर नियुक्त किया है। ये ऐतिहासिक सांझेदारी पीएनबी की ब्रांड परिवर्तन यात्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय है। बैंकिंग ऑन चैंपियंस थीम पर आधारित कार्यक्रम करवाया गया, जिसमें सचिव (वित्तीय सेवाएं) एम. नागराजू, पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
ब्रांड अंबैसेडर के रूप में अपने पहले आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान हरमनप्रीत ने पीएनबी के 4 प्रमुख वित्तीय उत्पाद—पीएनबी रूपे मैटल क्रैडिट कार्ड लग्जरा पीएनबी वन 2.0 मोबाइल एप्प, डिजी सूर्य घर सौर वित्तपोषण पहल और अंतर्राष्ट्रीय बुलियन एक्सचेंज पर बैंक की ऑनबोडिर्ंग का संयुक्त रूप से अनावरण किया।
ये उत्पाद बैंक की डिजिटल-प्रथम सेवाओं और ग्राहक-केन्द्रित नवाचारों को मजबूत करते हैं। हरमनप्रीत ने कहा कि पीएनबी उनके जीवन की पहली बैंकिंग पसंद रहा है और अब बैंक की ब्रांड अंबैसेडर बनना उनके लिए सम्मान की बात है। पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि हरमनप्रीत का नेतृत्व, दृढ़ता और उत्कृष्टता की खोज बैंक के मूल्यों का प्रतीक है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, वृक्षारोपण तथा 10 युवा महिला क्रिकेटरों को पीएनबी-ब्रांडेड क्रिकेट किट वितरित की गईं।

