Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

HDFC Bank का बड़ा फैसला, Atanu Chakraborty के इस्तीफे की जांच बाहरी फर्म को सौंपी

March 24, 2026

HDFC Bank का बड़ा फैसला, Atanu Chakraborty के इस्तीफे की जांच बाहरी फर्म को सौंपी

एचडीएफसी बैंक ने कहा कि उसके बोर्ड ने गवर्नेंस स्टैंडर्ड को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाए गए कदम के तहत पूर्व अंशकालिक अध्यक्ष और स्वतंत्र निदेशक अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे पत्र की समीक्षा करने के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की बाहरी कानूनी फर्मों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

बैंक ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि यह निर्णय 23 मार्च को बोर्ड की बैठक में लिया गया था, जिसमें कानूनी फर्मों को चक्रवर्ती के इस्तीफे की समीक्षा करने और उचित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का काम सौंपा गया है।

निजी बैंक ने कहा कि यह कदम पारदर्शिता और मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस प्रैक्टिस के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता के तहत उठाया गया है।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/energy-cost-impact-industry-manufacturing-services-growth/

यह कदम चक्रवर्ती के 18 मार्च को तत्काल प्रभाव से लिए गए इस्तीफे के बाद उठाया गया है। अपने इस्तीफे पत्र में उन्होंने कहा था कि पिछले दो वर्षों में बैंक के भीतर हुए कुछ घटनाक्रम उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थे। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी विशिष्ट घटना या प्रैक्टिस का जिक्र नहीं किया था जो उनके मूल्यों के विपरीत हो।

चक्रवर्ती ने सार्वजनिक रूप से यह भी कहा है कि उनका इस्तीफा बैंक के भीतर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार से संबंधित नहीं था, बल्कि विचारधाराओं और दृष्टिकोणों में मतभेद के कारण हुआ था। वे 2021 में बैंक के बोर्ड में शामिल हुए थे।

उनके इस्तीफे के बाद, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 19 मार्च से शुरू होने वाली तीन महीने की अवधि के लिए केकी मिस्त्री को अंतरिम अंशकालिक अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी। मिस्त्री ने संकेत दिया है कि चक्रवर्ती के जाने के बाद बैंक के सामने कोई बड़ी समस्या नहीं है।

बैंक ने दोहराया कि बाहरी समीक्षा का उद्देश्य शासन व्यवस्था की निगरानी को और मजबूत करना और इस्तीफे की परिस्थितियों के बारे में स्पष्टता सुनिश्चित करना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एचडीएफसी बैंक ने अपने विदेशी परिचालन के माध्यम से एनआरआई ग्राहकों को उच्च जोखिम वाले एटी1 बॉन्ड की कथित तौर पर गलत बिक्री के मामले में आंतरिक जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों सहित तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है।

एडीएफसी बैंक का शेयर मंगलवार को दोपहर 12 बजे 1.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 757.45 रुपए था। बीते एक हफ्ते में शेयर 9 प्रतिशत से ज्यादा फिसल चुका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें