Site icon Dainik Savera Times

होनासा कंज्यूमर का शेयर निर्गम मूल्य पर दो प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध

नई दिल्ली: मामाअर्थ और द डर्मा कंपनी जैसे नए जमाने के रोजमर्रा के उपभोग के सामान (एफएमसीजी) ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली होनासा कंज्यूमर लिमिटेड के शेयर की मंगलवार को शेयर बाजारों में सुस्त शुरुआत हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर अपने निर्गम मूल्य 324 रुपये पर मामूली दो प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुआ। एनएसई पर कंपनी के शेयर ने 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330 रुपये पर कारोबार शुरू किया। बाद में यह 337.60 रुपये के उच्चस्तर तक गया और 323 रुपये के निचले स्तर पर भी आया।

बीएसई पर कंपनी का शेयर अपने निर्गम मूल्य 324 रुपये पर ही सूचीबद्ध हुआ। सुबह के कारोबार के दौरान कंपनी का बाजार मूल्यांकन 10,718.99 करोड़ रुपये रहा। होनासा कंज्यूमर के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को 7.61 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 1,701.44 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 308-324 रुपये प्रति शेयर था। गुरुग्राम की सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल कंपनी की स्थापना 2016 में पति-पत्नी जोड़ी वरुण और गजल अलघ ने की थी। इसकी शुरुआत मामाअर्थ के साथ हुई और पिछले कुछ साल में इसने अपने पोर्टफोलियो में पांच और ब्रांड जोड़े।

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल: 15 बूथों पर फिर से मतदान होगा, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला

Exit mobile version