
नई दिल्ली : केआर मंगलम विश्वविद्यालय में आयोजित 2 दिवसीय आइडियाज 4.0 नवाचार महोत्सव का समापन कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और उद्यमिता पर केंद्रित विभिन्न प्रतियोगिताओं और चर्चाओं के साथ हुआ। अंतिम दिन विद्यार्थियों, शिक्षाविदों और उद्योग प्रतिनिधियों ने तकनीकी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया और नए विचारों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की परियोजनाओं का अवलोकन किया और उनके नवाचार संबंधी प्रयासों की जानकारी ली। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. दिनेश सिंह, प्रो-चांसलर अभिषेक गुप्ता, निदेशक रोहित गुप्ता, कुलपति अनिल सैनी और कुलसचिव राजीव रतन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता की शिक्षा, रचनात्मकता और उद्यमिता में बढ़ती भूमिका पर परिचर्चा हुई।
महोत्सव में एक दिवसीय हैकाथॉन, रोबोट दौड़, रोबो सॉकर और विचार प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग, कृषि, कानून, मीडिया, आतिथ्य, डिजाइन और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाएं प्रदर्शित कीं। इसके अलावा वाद-विवाद, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, अपराध स्थल जांच, तकनीकी खोज, कृषि तकनीक और ड्रोन दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी हुईं।