Site icon Dainik Savera Times

आयकर विभाग ने 2022-23 में किए 95 एपीए पर हस्ताक्षर 

नई दिल्ली:  आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2022-23 में 95 अग्रिम मूल्य-निर्धारण समझौतों (एपीए) पर हस्ताक्षर किए जो इसकी शुरुआत के बाद से सर्वाधिक संख्या है। आयकर विभाग ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “वित्त वर्ष 2022-23 में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कुल 95 एपीए पर हस्ताक्षर किए जो एपीए कार्यक्रम की शुरुआत होने के बाद से किसी भी वित्त वर्ष में सबसे अधिक है।
एपीए संबद्ध इकाइयों के बीच लेन-देन की कीमत (ट्रांसफर प्राइंिसग) के तौर-तरीकों के निर्धारण को लेकर करदाता और कर प्राधिकरण के बीच समझौता है। सीबीडीटी ने भारत में निवेशकों के अनुकूल और मददगार कर व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए जुलाई, 2012 में एपीए कार्यक्रम की शुरुआत की थी। शुरुआत के बाद से भारतीय एपीए कार्यक्रम ने कारोबारी सुगमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रत्यक्ष करों के मामले में निर्णय लेने वाली संस्था सीबीडीटी ने पिछले वित्त वर्ष में 32 द्विपक्षीय अग्रिम मूल्य-निर्धारण समझौतों (बीएपीए) पर भी हस्ताक्षर किए, जो अब तक किसी भी वित्तीय वर्ष की अधिकतम संख्या है। फिनलैंड, ब्रिटेन, अमेरिका, डेनमार्क, सिंगापुर एवं जापान के साथ आपसी समझौते के बाद बीएपीए पर हस्ताक्षर किए गए।
द्विपक्षीय एपीए दो देशों में स्थित संबंधित कंपनियों के बीच अंतरराष्ट्रीय लेनदेन में उत्पन्न होने वाले संबद्ध कंपनियों के बीच लेन-देन से जुड़े विवादों को कम करने में मदद करते हैं। वे दोनों देशों की संबंधित कंपनियों के बीच अंतरराष्ट्रीय लेनदेन को भी निश्चितता देंगे।
ये भी पढ़ें: MI vs LSG, IPL 2026: मुंबई ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, लखनऊ पहले करेगी बल्लेबाजी (प्लेइंग 11)
Exit mobile version