नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश डी. अंबानी ने कहा है कि भारत अगले 20 से 30 वर्षों में 25 से 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की पूरी क्षमता रखता है। उन्होंने इसे देश की युवा पीढ़ी के लिए निवेश का सबसे बड़ा अवसर बताया। मुंबई में आयोजित जियो-ब्लैकरॉक कार्यक्रम ‘इन्वेस्टिंग फॉर ए न्यू एरा’ में ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक के साथ फायरसाइड चैट के दौरान अंबानी ने कहा कि भारत अब केवल बचत का देश नहीं रह गया है, बल्कि सेवर्स को इन्वेस्टर्स बनने का समय आ गया है।
यदि बचत को कैपिटल मार्केट्स में लगाया जाए, तो इससे परिवारों की संपत्ति बढ़ेगी और देश की आर्थिक विकास दर को भी मजबूती मिलेगी। ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक ने भारत को लॉन्ग-टर्म वेल्थ क्रिएशन का सबसे बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि इक्विटी निवेश तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में संपत्ति सृजन का प्रभावी माध्यम है।
अंबानी ने कहा कि भारत की मजबूत नीतियां, राजनीतिक स्थिरता, इंफ्रास्ट्रर विकास और डिजिटल क्रांति देश को निवेश के लिए आकर्षक बना रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा और 1.4 अरब लोगों तक किफायती व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने में मदद करेगा। अंबानी के अनुसार, जो लोग भारत की दीर्घकालिक ग्रोथ पर भरोसा करेंगे, वही आने वाले दशकों में सबसे अधिक लाभ उठाएंगे।

