नई दिल्ली : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि व्यापक आर्थिक स्थिरता, इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार और लक्षित समाज कल्याण योजनाओं के बल पर देश ‘2047 तक विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करेगा। केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा, भारत 2047 तक विकसित बनने के लिए मजबूत आधार बना रहा है और यह 3 मुख्य एजैंडे पर केंद्रित है, जिसमें व्यापक आर्थिक स्थिरता, इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार और लक्षित समाज कल्याण योजनाएं शामिल हैं।
गोयल ने कहा कि व्यापार, मैन्युफैक्चरिंग और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारियों (व्यापार समझौतों) के चलते भारत वैश्विक आर्थिक विकास का प्रमुख इंजन बना हुआ है। दुनिया की कुल ग्रोथ में देश की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत है। उन्होंने कहा, भविष्य उन्हीं लोगों का है, जिन्हें साझेदारी बनाना आता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार हर साल 12 लाख करोड़ रुपए निजी क्षेत्र के साथ मिलकर इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश कर रही है। इसमें पोर्ट, एक्सप्रैसवे, वाटरवे और रेलवे शामिल हैं।

