Site icon Dainik Savera Times

भारत, अमरीका ने व्यापार, निवेश को बढ़ावा देने पर की चर्चा

 

नई दिल्ली : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। सोशल मीडिया नैटवर्क एक्स पर गोयल ने कहा कि उन्होंने अमरीकी समकक्ष ताई के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

उन्होंने कहा कि आपसी हित के प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की और व्यापार तथा निवेश में वृद्धि के जरिए बढ़ती भारत-अमरीका साझेदारी को और गति देने के तरीकों पर भी बात की। एक अधिकारी ने हाल में कहा था कि दोनों देश विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में पोल्ट्री से जुड़े अपने आखिरी व्यापार विवाद को खत्म करने पर विचार कर रहे हैं।

इसके अलावा दोनों देश एक-दूसरे की कंपनियों को सरकारी खरीद में भाग लेने की अनुमति देकर साझेदारी बढ़ाने पर भी विचार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की जून में अमरीकी यात्रा के दौरान दोनों देशों द्वारा की गई प्रतिबद्धता के अनुरूप जुलाई में भारत और अमरीका ने डब्ल्यूटीओ में लंबित 6 व्यापार विवादों को पारस्परिक रूप से हल किया।

इस संबंध में दोनों पक्षों ने सरकारी खरीद से संबंधित मुद्दों पर आधिकारिक स्तर पर चर्चा शुरू करने का स्वागत किया है। अमरीका भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। वित्त वर्ष 2022- 23 में द्विपक्षीय माल व्यापार बढ़कर 128.8 अरब डॉलर हो गया, जबकि 2021-22 में यह 119.5 अरब डॉलर था।

ये भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ से दुखद खबर, IED ब्लास्ट से डीआरजी के 3 जवान शहीद

Exit mobile version