Dainik Savera Times

Stock Market: अमेरिकी दर कटौती के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव, जानें Sensex-Nifty के हाल

नई दिल्ली: अमेरिकी फेडरल रिज़र्व द्वारा लगातार तीसरी बार ब्याज दरों में कटौती करने के बाद भी भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बिना खास उतार-चढ़ाव के खुला। वैश्विक संकेतों और घरेलू डेरिवेटिव वीकली एक्सपायरी के कारण निवेशकों ने शुरुआती कारोबार में सतर्कता बरती।

सेंसेक्स 65.48 अंक यानी 0.08% चढ़कर 84,456.75 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 14.70 अंकों की मामूली कमजोरी के साथ 25,743.90 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी नीति में नरमी और घरेलू फंड्स की गतिविधि आज बाजार की दिशा तय कर सकती हैं।

आज किन शेयरों में दिख सकती है हलचल?

टाटा स्टील के बोर्ड ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) में उत्पादन क्षमता को 4.8 एमटी प्रति वर्ष तक बढ़ाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा कंपनी महाराष्ट्र के तारापुर में 0.7 एमटी क्षमता वाली हॉट रोल्ड पिक्लिंग एवं गैल्वनाइजिंग लाइन (HRPGL) लगाने जा रही है। कंपनी ने थ्रिवेनी अर्थमूवर्स (TEMPL) से थ्रिवेनी पेलेट्स (TPPL) में 50.01% हिस्सेदारी ₹636 करोड़ में खरीद को भी हरी झंडी प्रदान की है, जिससे कंपनी के कच्चे माल की आपूर्ति श्रृंखला और मजबूत होगी।

लॉयड्स मेटल एंड एनर्जी

कंपनी की सहायक इकाई लॉयड्स ग्लोबल रिसोर्सेज ने नेक्सस होल्डको में 50% हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। लगभग $5.5 करोड़ की इस डील के जरिए कंपनी को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में कॉपर प्रोसेसिंग और खनन प्रोजेक्ट्स में बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस को बड़ा बढ़ावा मिल सकता है।

अशोका बिल्डकॉन और पुर्वांकर

अदाणी-अशोका-अक्षय JV को बीएमसी की ओर से मीठी नदी विकास एवं प्रदूषण नियंत्रण परियोजना का ₹1,815.79 करोड़ मूल्य का ठेका मिला है।
उधर, पुर्वांकर की सहायक कंपनी स्टारवर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र में ‘वन बेंगलुरु लक्जरी’ परियोजना के पहले चरण के लिए ₹509.52 करोड़ का टर्नकी कॉन्ट्रैक्ट प्राप्त हुआ है।

पेट्रोनेट LNG

पेट्रोनेट LNG ने एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम से दो टर्म लोन के लिए समझौता किया है। प्रत्येक लोन की राशि ₹6,000 करोड़ तय की गई है। इन फंड्स का उपयोग कंपनी गुजरात के दहेज में अपने पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के विकास और विस्तार के लिए करेगी।

Exit mobile version