Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

गर्मी में रिकॉर्ड 9,111 अतिरिक्त फेरे लगाएगी भारतीय रेल, यात्रियों की सहूलियत के मद्देनजर बड़ा फैसला

April 20, 2024

गर्मी में रिकॉर्ड 9,111 अतिरिक्त फेरे लगाएगी भारतीय रेल, यात्रियों की सहूलियत के मद्देनजर बड़ा फैसला

नई दिल्ली: गर्मियों के मौसम में यात्रियों के लिए सुगम और आरामदायक यात्रा के लिए भारतीय रेलवे 9,111 फेरों का संचालन करेगी। इसके चलते आम लोगों को काफी सहूलियत होगी। पिछले साल गर्मियों में जहां कुल 6,369 फेरे थे, वहीं इस बार इसमें 2,742 फेरों की वृद्धि की गई है।

भारतीय रेलवे के मुताबिक समस्‍त जोनल रेल द्वारा देशभर में गर्मियों के मौसम में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों से यात्रियों की भीड़भाड़ को कम करने के लिए इन अतिरिक्त फेरों को संचालित करने की तैयारी कर ली गई है।

आंकड़ों के मुताबिक मध्य रेलवे में 488, पूर्वी रेलवे में 254, पूर्व मध्य रेलवे में 1,003, पूर्वी तट रेलवे में 102, उत्तर मध्य रेलवे में 142, पूर्वोत्‍तर रेलवे में 244, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में 88, उत्तर रेलवे में 778, उत्तर पश्चिम रेलवे में 1,623, दक्षिण मध्य रेलवे में 1,012, दक्षिण पूर्व रेलवे में 276, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 12, दक्षिण पश्चिम रेलवे में 810, दक्षिणी रेलवे में 239, पश्चिम मध्य रेलवे में 162, पश्चिमी रेलवे में 1878 फेरे लगेंगे। इन सबको मिलाकर कुल 9,111 फेरे लगाए जायेंगे।

इसके साथ-साथ भारतीय रेलवे ने गर्मियों के मौसम में जोनल रेल को रेलवे स्टेशनों पर पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सभी प्रमुख और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर भीड़भाड़ के नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के लिए सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए इन स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें