Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय शेयर बाजार में सूक्ष्म बदलाव, निवेशकों की निगाहें आरबीआई MPC पर

February 6, 2026

भारतीय शेयर बाजार में सूक्ष्म बदलाव, निवेशकों की निगाहें आरबीआई MPC पर

वैश्विक बाजारों में गिरावट के असर से भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबार की शुरुआत लाल निशान में हुई। सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 78 अंक घटकर 83,235.55 और निफ्टी 56 अंक की कमजोरी के साथ 25,586 पर था।

शुरुआती कारोबार में ऑयल और गैस, निजी बैंक, एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में खरीदारी देखी गई। वहीं, आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और पीएसई इंडेक्स दबाव में रहे।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बिकवाली रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 315 अंक या 0.53% गिरकर 59,201 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 193 अंक या 1.14% की कमजोरी के साथ 16,790 पर था।

सेंसेक्स में भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स ने बढ़त दर्ज की। वहीं, टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बीईएल, एशियन पेंट्स, इटरनल, इंडिगो और ट्रेंट सूचकांक में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों की नजरें अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति कमेटी (एमपीसी) के फैसले पर होंगी। गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे इस फैसले की घोषणा करेंगे। जानकारों के मुताबिक, आरबीआई फरवरी में रेपो रेट 5.25% पर बनाए रख सकता है और GDP तथा महंगाई के अनुमान यथावत रख सकता है। हालांकि, अमेरिका और यूरोपीय संघ से हाल की ट्रेड डील के बाद केंद्रीय बैंक की टिप्पणी विशेष रूप से अहम होगी।

इससे पहले दिसंबर में आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी।

वैश्विक स्तर पर भी गिरावट रही। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता लाल निशान में थे, जबकि बैंकॉक हरे निशान में खुला। अमेरिकी बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतें भी कमजोर रहीं। कॉमेक्स पर सोना लगभग 1% और चांदी करीब 5% गिरावट के साथ कारोबार कर रही थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें