Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Share Market Today: मिश्रित वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार सपाट खुला

February 5, 2026

Share Market Today: मिश्रित वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार सपाट खुला

मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 60 अंकों की गिरावट के साथ 83,757.54 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी सिर्फ एक अंक की मामूली कमजोरी के साथ 25,755 पर कारोबार करता दिखा।

शुरुआती सत्र में बाजार पर दबाव बनाने का काम मेटल शेयरों ने किया। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी मेटल सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाला इंडेक्स रहा। इसके अलावा डिफेंस, रियल्टी, फार्मा, हेल्थकेयर, इंफ्रास्ट्रक्चर, कमोडिटीज, सर्विसेज और ऑटो सेक्टर भी लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। वहीं, ऑयल, एफएमसीजी, मीडिया और आईटी सेक्टर में हल्की मजबूती देखने को मिली।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी बनी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 179 अंक या 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,504 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 137 अंक या 0.80 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 17,070 पर कारोबार करता दिखा।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में एचयूएल, इन्फोसिस, ट्रेंट, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, एसबीआई और एचसीएल टेक में बढ़त रही। वहीं इंडिगो, बीईएल, एलएंडटी, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, सन फार्मा, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, टाइटन, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड और आईटीसी में गिरावट दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक और सोल के शेयर बाजार लाल निशान में रहे, जबकि जकार्ता का बाजार हरे निशान में कारोबार करता नजर आया। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे।

मेटल शेयरों में बिकवाली का असर कीमती धातुओं पर भी दिखाई दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में सोना 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,50,813 रुपये पर और 5 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में चांदी करीब 9 प्रतिशत टूटकर 2,44,654 रुपये पर कारोबार करती दिखी। वहीं, कॉमेक्स पर सोना 5,000 डॉलर प्रति औंस और चांदी 80 डॉलर प्रति औंस से नीचे फिसल गई।

कच्चे तेल की कीमतों में भी कमजोरी बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड 2.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 63 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें