नयी दिल्ली: भारत में हवाई अड्डों के परिचालकों का राजस्व अगले वित्त वर्ष में 26 प्रतिशत बढक़र 3.9 अरब डॉलर पर पहुंचने का अनुमान है। विमानन क्षेत्र की परामर्शदाता कंपनी कापा इंडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।हवाई अड्डों के लिए परिदृश्य पेश करते हुए कापा इंडिया ने कहा कि 2023-24 में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिचालन में हवाई यात्री यातायात 39.5 करोड़ होने का अनुमान है। इसमें से, घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 27.5 करोड़ से बढक़र इस वित्त वर्ष में 32 करोड़ पर पहुंचने का अनुमान है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों की संख्या 5.8 करोड़ से बढक़र 7.5 करोड़ पर पहुंचने की उम्मीद है। कापा इंडिया ने कहा, ‘‘ऐसा अनुमान है कि 2029-30 तक भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या बढक़र 70 करोड़ और अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों की संख्या 16 करोड़ पर पहुंच सकती है।’’ इसमें कहा गया कि भारत के हवाई अड्डों का राजस्व अगले वित्त वर्ष में 3.9 अरब डॉलर पर पहुंचने का अनुमान है जो 2022-23 के अनुमान से 26 प्रतिशत अधिक होगा। यह परिदृश्य कापा इंडिया हवाई सम्मेलन में पेश किया गया।
ये भी पढ़ें: ट्रक और पिकअप की जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत, 9 घायल
