Site icon Dainik Savera Times

भारत के ऑटो कंपोनैंट निर्यात में बीते 2-3 वर्षो में हुई मजबूत वृद्धि

नई दिल्ली: वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत के बढ़ते महत्व के कारण ऑटो कंपोनैंट के निर्यात में पिछले कुछ वर्षो में मजबूत वृद्धि देखने को मिली है। देश में बने मोटरसाइकिल पार्ट्स के निर्यात के लिए प्रमुख गंतव्य स्थान जर्मनी, बंगलादेश, यूएस, यूके, यूएई, ब्राजील, तुर्किये और श्रीलंका और अन्य देश शामिल हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में देश से ऑटो कंपोनैंट का निर्यात 21.2 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2018-19 के 2.5 अरब डॉलर के घाटे से बढ़कर 300 मिलियन डॉलर के सरप्लस तक एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है।

इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि भारत की ऑटो कंपोनैंट इंडस्ट्री 100 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य प्राप्त कर सकती है, क्योंकि वैश्विक मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं और विनिर्माण रणनीतियों का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं, जिससे भारत के पास खुद को एक शीर्ष वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करने का एक अच्छा अवसर है। ऑटोमोटिव कंपोनैंट मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसीएमए) और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत अमरीका और यूरोप के बाजारों पर ध्यान केंद्रित करते हुए 11 प्रोडक्ट फैमिली को प्राथमिकता देकर संभावित रूप से 40-60 अरब डॉलर का अतिरिक्त निर्यात कर सकता है।

रिपोर्ट में बताया कि स्थानीयकरण के माध्यम से उभरते ईवी और इलैक्ट्रॉनिक वैल्यू चेन का लाभ उठाते हुए भारत बैटरी मैनेजमैंट सिस्टम, टैलीमैटिक्स इकाइयों, इंस्ट्रूमैंट क्लस्टर और एबीएस जैसे कंपोनेंट को बनाकर अतिरिक्त 15-20 अरब डॉलर का निर्यात कर सकता है। वैश्विक ओईएम भारत के ऑटो कंपोनेंट इंडस्ट्री के प्रमुख ग्राहक हैं, जिनका निर्यात में 20-30 प्रतिशत हिस्सा है।

ये भी पढ़ें- ‘हालात पूरी तरह बदल चुके है, ईरान के पास कोई विकल्प नहीं बचा: ट्रंप

Exit mobile version