Site icon Dainik Savera Times

जुलाई-सितंबर तिमाही में रियल एस्टेट में संस्थागत निवेश घटकर 79.34 करोड़ डॉलर पर : Colliers India

नई दिल्ली: कार्यालय परिसंपत्तियों में रफ्तार धीमी होने के कारण चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में रियल एस्टेट में संस्थागत निवेश 21 प्रतिशत घटकर 79.34 करोड़ डॉलर रह गया। कोलियर्स इंडिया ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 100.21 करोड़ डॉलर था।
रियल एस्टेट सलाहकार कोलियर्स इंडिया ने शनिवार को एक रिपोर्ट में आंकड़ा जारी किया। इसके अनुसार, कार्यालय परिसंपत्तियों में जुलाई-सितंबर के दौरान निवेश में 89 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह 7.91 करोड़ डॉलर रह गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 69.43 करोड़ डॉलर था। कोलियर्स इंडिया ने बताया कि जुलाई-सितंबर अवधि के दौरान मिश्रित उपयोग वाली परिसंपत्तियों में भी धन प्रवाह 73 प्रतिशत घटकर 2.72 करोड़ डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 10.08 करोड़ डॉलर था।
हालांकि, आवासीय संपत्तियों में संस्थागत निवेश इस कैलेंडर वर्ष की तीसरी तिमाही में 47 प्रतिशत बढक़र 27.46 करोड़ डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 18.7 करोड़ डॉलर था। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर के दौरान औद्योगिक और भंडारण परिसंपत्तियों में 34.03 करोड़ डॉलर का निवेश हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह केवल दो करोड़ डॉलर था।
ये भी पढ़ें: ट्रंप ने खुद के नाम पर रखा Strait of Hormuz का नाम, अमेरिकी राष्ट्रपति के सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल
Exit mobile version