Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑनलाइन कर्ज वितरण से जुड़ी चीनी कंपनियों के खिलाफ जांच जारी

February 28, 2024

ऑनलाइन कर्ज वितरण से जुड़ी चीनी कंपनियों के खिलाफ जांच जारी

नई दिल्ली: एप्प के जरिए ऑनलाइन कर्ज वितरण से जुड़ी कंपनियों समेत कई चीनी फर्मों के खिलाफ कार्पोरेट मामलों का मंत्रालय जांच कर रहा है। इनमें से कुछ जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। गैरकानूनी ढंग से कर्ज वितरण एप्प का संचालन करने वाली कंपनियों के खिलाफ हाल में जांच तेज हुई है। इसके अलावा मंत्रालय लाभकारी स्वामित्व को छिपाने के लिए कंपनियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय विभिन्न चीनी कंपनियों, खासकर कर्ज एप्प से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ पड़ताल कर रहा है और इनमें से कुछ जांच अंतिम चरण में हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी कानून लागू करने के लिए जिम्मेदार मंत्रालय यह देख रहा है कि क्या इन कंपनियों में कोई धोखाधड़ी हुई है। कुछ मामलों की जांच गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) कर रहा है। अधिकारी के मुताबिक, रिजर्व बैंक और इलैक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय समेत अन्य इकाइयों से मिली शिकायतों के आधार पर भी संबंधित कंपनियों के खिलाफ जांच शुरू की जाती है। हालांकि, कुछ कंपनियों के वित्तपोषण स्रोतों का पता लगाना कभी-कभी मुश्किल होता है लेकिन कंपनियों के लाभकारी स्वामित्व का पता लगाने के प्रयास किए जाते हैं।

2022-23 में प्ले स्टोर से ऐसी 2200+ एप्स को हटाया गया
जनवरी में दिल्ली और हरियाणा क्षेत्र के कंपनी पंजीयक ने एक भारतीय कंपनी और उससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं पर कुल 21 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया था। यह कदम एक चीनी समूह के लाभकारी स्वामित्व संबंधों को छिपाने के लिए कड़ी कार्रवाई का हिस्सा था। वित्त मंत्रालय ने संसद के बजट सत्र में जानकारी दी कि गूगल ने सितंबर, 2022 और अगस्त, 2023 के बीच अपने प्ले स्टोर से 2,200 से अधिक धोखाधड़ी वाले ऋण एप्प को निलंबित कर दिया है या हटा दिया है।

ये भी पढ़ें: गोल्डमैन सैक्स ने फिर बढ़ाया कच्चे तेल का अनुमान, वजह मध्यपूर्व तनाव

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें