Site icon Dainik Savera Times

पीएम मोदी की अपील के बाद ज्वेलरी शेयरों में बड़ी गिरावट, कुछ स्टॉक्स 9% तक टूटे

Jewellery Stocks Fall

Jewellery Stocks Fall

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सोमवार को ज्वेलरी शेयरों में भारी गिरावट देखी गई और शेयर 12 प्रतिशत तक फिसल गए, जिसमें टाइटन, कल्याण ज्वेलर्स, स्काई गोल्ड और ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल जैसी कंपनियों का नाम शामिल था।

दोपहर एक बजे टाइटन का शेयर 6.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,233 रुपए पर था। वहीं, कल्याण ज्वेलर्स का शेयर 8.91 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 387 रुपए पर था।

स्काई गोल्ड का शेयर 7.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 498.80 रुपए और ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल का शेयर 5.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 475 रुपए पर था।

रविवार को सिकंदराबाद में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अगले एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी, जिससे भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम हो सके।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/ai-energy-consumption/

उन्होंने कहा, “वर्तमान परिस्थितियों में, विदेशी मुद्रा बचाना देश के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।”

आयातित ईंधन पर भारत की निर्भरता का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन की बचत, अनावश्यक खर्चों में कटौती और भारत में बनने वाली चीजों की खपत को प्राथमिकता देने जैसे उपायों को आवश्यक बताया।

उन्होंने अनावश्यक यात्रा और ईंधन की खपत को कम करने के लिए कोविड-19 के समय के उपायों जैसे वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन बैठकें और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को दोबारा से शुरू करने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने और घरेलू पर्यटन और स्थानीय खर्च को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया।

दूसरी तरफ, भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट जारी है। दोपहर एक बजे सेंसेक्स 860 अंक या 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,468 और निफ्टी 227 अंक या 0.94 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,948 पर था। बाजार में चौतरफा गिरावट है और करीब सभी सूचकांक लाल निशान में थे।

Exit mobile version