
नई दिल्ली: जियो फाइनेंशियल र्सिवसेज ने जियो फाइनेंस ऐप का नया व बेहतर संस्करण पेश करने की शुक्रवार को घोषणा की। यह ऐप ऋण, बचत खाते, यूपीआई बिल भुगतान, रिचार्ज और डिजिटल बीमा सहित कई सेवाएं प्रदान करता है। बयान के अनुसार, जियोफाइनेंस ऐप का बीटा संस्करण 30 मई 2024 को पेश किया गया था।
60 लाख से अधिक लोग जियो फाइनेंशियल र्सिवसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) के नए युग के डिजिटल मंच से जुड़े। ग्राहकों की प्रतिक्रिया से अब इसे बेहतर बनाया गया है। जेएफएसएल ने बयान में कहा, बीटा संस्करण पेश करने के बाद से वित्तीय उत्पादों तथा सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला को इससे जोड़ा गया, जिसमें म्यूचुअल फंड पर ऋण, गृह ऋण (बैलेंस ट्रांसफर सहित) और संपत्ति की एवज में ऋण शामिल हैं। ये ऋण प्रतिस्पर्धी शर्तों पर उपलब्ध हैं और हमारे ग्राहकों के लिए पर्याप्त बचत प्रदान करेंगे।
बयान में कहा गया, नया ऐप अब गूगल प्ले स्टोर, एप्पल ऐप स्टोर और मायजियो पर उपलब्ध है। इसमें कई आकर्षक सेवाएं हैं। जेएफएसएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हितेश सेठिया ने कहा, हम भारत के लोगों के लिए एक विश्वसनीय वित्तीय साथी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही अपने व्यापक वित्तीय उत्पादों के साथ उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: रूस ने ईरान का साथ देने का वादा किया, पुतिन बोले- हर संभव मदद करेंगे