Site icon Dainik Savera Times

फ्रैशर्स के लिए नौकरी के अवसर बढ़े, 75% कंपनियां भर्ती के मूड में; एआई स्किल्स की मांग तेज: रिपोर्ट

नई दिल्ली: एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 की दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) के दौरान भारत में फ्रैशर्स के लिए रोजगार के अवसर बेहतर हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 75 प्रतिशत नियोक्ता फ्रैशर्स की भर्ती करने की योजना बना रहे हैं। टीमलीज एडटैक की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली छमाही में यह आंकड़ा 73 प्रतिशत था, जो यह दर्शाता है कि एंट्री-लैवल नौकरियों को लेकर कंपनियों का भरोसा बढ़ा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि रिटेल, ई-कॉमर्स, टैक्नोलॉजी स्टार्टअप्स और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र फ्रैश ग्रैजुएट्स की मांग बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। इन सैक्टर्स में व्यावहारिक कौशल रखने वाले युवाओं के लिए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सभी क्षेत्रों में भर्ती का माहौल एक जैसा नहीं है। कुछ उद्योगों में फ्रैशर्स की मांग में कमी भी देखने को मिली है।

आईटी सैक्टर में फ्रैशर्स को नियुक्त करने की मंशा वर्ष की पहली छमाही के 81 प्रतिशत से घटकर 76 प्रतिशत रह गई है। इसी तरह कंसल्टिंग, टैलीकॉम और मार्केटिंग एवं विज्ञापन क्षेत्रों में भी फ्रैशर्स की भर्ती की इच्छा में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मीडिया एवं एंटरटेनमैंट तथा शिक्षा सेवाओं में फ्रैशर हायरिंग इंटैंट में 2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

Exit mobile version