Site icon Dainik Savera Times

JSW Cement राजस्थान में विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए करेगी 3,000 करोड़ रुपये का निवेश

 

नई दिल्ली: जेएसडब्ल्यू सीमेंट राजस्थान के नागौर जिले में सीमेंट विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि एकीकृत सुविधा को ऋण तथा शेयर के मिश्रण से वित्त पोषित किया जाएगा। जेएसडब्ल्यू समूह का हिस्सा जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने एक बयान में कहा, नई सुविधा में 33 लाख टन प्रति वर्ष तक की क्लिकराइजेशन’ इकाई और 25 लाख टन प्रति वर्ष तक की ‘ग्राइंंडिग’ इकाई शामिल है। कंपनी ने कहा कि इस नए संयंत्र से 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की भी उम्मीद है।

जेएसडब्ल्यू सीमेंट के प्रबंध निदेशक पार्थ जिंदल ने कहा कि यह सबसे महत्वपूर्ण निवेशों में से एक है, जो कंपनी राजस्थान में कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ नागौर में हमारी एकीकृत सीमेंट सुविधा स्थापित करने के लिए प्रस्तावित निवेश जेएसडब्ल्यू सीमेंट को अगले कुछ वर्षों में समूचे भारत में अपनी पहुंच बनाने की राह पर मजबूती से ले जाएगा। इस क्षेत्र में नई क्षमता हमें उत्तरी राज्य राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अपने ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बनाएगी। कंपनी की वर्तमान में कर्नाटक के विजयनगर, आंध्र प्रदेश के नांदयाल, पश्चिम बंगाल के सालबोनी, ओडिशा के जाजपुर और महाराष्ट्र के डोलवी में विनिर्माण इकाइयां हैं।

ये भी पढ़ें: एक हुनर ऐसा भी…कबाड़ और पुराने सामान से व्यक्ति ने तैयार की सोलर कार, बनाने में आया मात्र इतना खर्च

Exit mobile version