Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

लीबिया की ऊर्जा खोज ने दिखाई भारतीय कंपनियों की वैश्विक पहुंच: केंद्र

April 28, 2026

लीबिया की ऊर्जा खोज ने दिखाई भारतीय कंपनियों की वैश्विक पहुंच: केंद्र

केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि हाल ही में भारतीय तेल कंपनियों – ऑयल इंडिया लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा स्थानीय साझेदारों के साथ मिलकर लीबिया में की गई तेल और गैस की खोज, देश की एनर्जी कंपनियों के विदेशों में विस्तार को दिखाती है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ऑयल इंडिया लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड को बधाई दी। यह दोनों कंपनियां घदामेस बेसिन में तेल और गैस खोज के लिए ऑपरेटर के रूप में अल्जीरिया की एसआईपीईएक्स के साथ एक भारतीय कंसोर्टियम का हिस्सा थे।

मंत्रालय ने कहा कि यह खोज कॉन्ट्रैक्ट एरिया 95/96 में हुई है, जहां तेल और गैस के कुओं को 8,440 फीट तक खोदा गया।

परीक्षण के दौरान, इस कुएं ने अविनात वानिन और अविन काजा संरचनाओं से प्रतिदिन 13 मिलियन क्यूबिक फीट गैस और 327 बैरल कंडेनसेट का उत्पादन हासिल किया।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/india-nz-fta-modi-leadership-momentum/

सरकार ने आगे कहा कि इस खोज से रणनीतिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का महत्व स्पष्ट होता है और राष्ट्रीय तेल कंपनियों द्वारा विदेशी संपत्तियों के अधिग्रहण के माध्यम से ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत के प्रयासों में मदद मिलती है।

सरकार ने कंसोर्टियम को इस संपत्ति से अधिक लाभ प्राप्त करने में निरंतर सफलता की कामना की और इस खोज को भारत की वैश्विक ऊर्जा उपस्थिति के लिए एक आशाजनक विकास बताया।

इस महीने की शुरुआत में, बजट सत्र के दौरान, सरकार ने सूचित किया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उसने घरेलू कच्चे तेल के उत्पादन को वर्तमान लगभग 29 मिलियन टन से बढ़ाकर 2030 तक 35 मिलियन मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा है।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री, हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि सरकार घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए कई कदम उठा रही है।

उन्होंने लोकसभा में लिखित उत्तर में बताया कि इनमें उत्पादन-साझाकरण अनुबंध व्यवस्था के तहत हाइड्रोकार्बन खोजों का शीघ्र मुद्रीकरण, डिस्कवर्ड स्मॉल फील्ड पॉलिसी, हाइड्रोकार्बन एक्सप्लोरेशन एंड लाइसेंसिंग पॉलिसी (हेल्प) और उत्पादन-साझाकरण अनुबंधों का विस्तार जैसी नीतियां शामिल हैं।

सुबह 11:30 बजे ऑयल इंडिया का शेयर 3.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ 494 पर था। वहीं, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 145 रुपए पर था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें