Site icon Dainik Savera Times

LIC ने पेश की 3 नई बीमा योजनाएं, सेवानिवृत्ति और गंभीर बीमारियों पर मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच

नई दिल्ली : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने ग्राहकों की वित्तीय और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 3 नई बीमा योजनाएं शुरू की हैं। एलआईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर. दुरईस्वामी ने ‘न्यू जीवन धारा-द्वितीय’, ‘हैल्थ शील्ड’ और ‘न्यू कैंसर कवर’ योजनाओं का शुभारंभ किया। न्यू जीवन धारा-द्वितीय (योजना 892) सेवानिवृत्ति के बाद नियमित आय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इसमें निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जीवनभर पैंशन पाने के विकल्प उपलब्ध हैं। ग्राहक एकमुश्त या नियमित प्रीमियम के विकल्प चुन सकते हैं। हैल्थ शील्ड (योजना 907) अस्पताल में भर्ती होने पर प्रतिदिन निश्चित नकद लाभ देती है। इसके अलावा, प्रमुख सर्जरी और गंभीर बीमारियों के लिए एकमुश्त भुगतान का प्रावधान है। न्यू कैंसर कवर (योजना 908) कैंसर के निर्धारित शुरुआती और गंभीर चरणों का पता चलने पर आर्थिक सहायता प्रदान करती है।

शुरुआती चरण में बीमित राशि का 25% और निर्धारित गंभीर चरण में 100% भुगतान का प्रावधान है। गंभीर कैंसर की स्थिति में 10 वर्षों तक मासिक आय लाभ भी दिया जाएगा। एलआईसी के अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य ग्राहकों को सेवानिवृत्ति, स्वास्थ्य संबंधी खर्चों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के दौरान आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। योजनाओं के लाभ संबंधित नियमों और शर्तों के अधीन होंगे।

Exit mobile version