कोलकाता: एक प्रमुख जीवन बीमा कर्मचारी महासंघ ने शनिवार को बीमा प्रीमियम पर जीएसटी वापस लेने और इस क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में आगे बढ़ोतरी नहीं करने की मांग की। अखिल भारतीय जीवन बीमा कर्मचारी महासंघ (एआईएनएलआईईएफ) ने कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करेगा।
एआईएनएलआईईएफ के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए महासचिव वी नरसिम्हन ने कहा कि इन मांगों का समर्थन करने के लिए सभी राजनीतिक दलों के सांसदों के साथ संपर्क किया जाएगा। अखिल भारतीय त्रिवार्षकि महासम्मेलन में देशभर से प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
महासंघ की मांगों में नई श्रम संहिता को वापस लेना और 2010 के बाद भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करना भी शामिल है। नरसिम्हन ने कहा कि वर्तमान में बीमा क्षेत्र में एफडीआई 74 प्रतिशत है और केंद्र सरकार इसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने पर विचार कर रही है।
ये भी पढ़ें: अमृतसर में BSF की बड़ी कार्रवाई, ड्रोन से आई 535 ग्राम हेरोइन की बरामद

