Site icon Dainik Savera Times

Maruti को ‘कुछ लाख शादियों’ की वजह से नवंबर में भी बिक्री की रफ्तार कायम रहने की उम्मीद

नई दिल्ली: रिकॉर्ड बिक्री वाले अक्टूबर माह के पीछे छूटने के बाद अब देश की प्रमुख कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) नवंबर में ‘‘कुछ लाख शादियों’ के बूते अपनी वृद्धि की रफ्तार को कायम रखने की उम्मीद कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात कही है। कंपनी ने पिछले महीने 2,02,402 वाहनों की खुदरा बिक्री दर्ज की, जो किसी भी साल में अक्टूबर में बिक्री का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।

इसकी वजह त्योहारी मांग रही। इससे पहले अक्टूबर, 2020 में कंपनी ने 1,91,476 वाहन बेचे थे। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन और बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा, ‘‘हमें बताया गया है कि देशभर में नवंबर में ‘कुछ लाख’ शादियां होने वाली हैं। इसलिए पूरी उम्मीद है कि इससे हमें अपनी खुदरा बिक्री के मामले में भी अच्छी बढ़त मिलेगी।’’

वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या कंपनी अगले कुछ माह के दौरान त्योहारी सीजन की बिक्री की रफ्तार को कायम रख पाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें वास्तव में देखना होगा। लेकिन हमें लगता है कि इस बार नवंबर के महीने में काफी संख्या में शादियां हैं। शादियों के लिए दिनों की संख्या लगभग 11 या 12 दिन है जो अबतक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।

त्योहारी सीजन के दौरान अच्छी बिक्री के बाद मारुति को चालू वित्त वर्ष में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि के अपने अनुमान के हासिल होने की उम्मीद है। बनर्जी ने कहा, ‘‘अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में खुदरा बिक्री के मामले में हमारी वृद्धि लगभग चार प्रतिशत रही है। अक्टूबर में हमारी वृद्धि 22.4 प्रतिशत है। इस साल की शुरुआत में हमने चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था। मेरा मानना है कि हमारी वृद्धि इसी के अनुरूप रहेगी। बनर्जी ने कहा कि अक्टूबर में अच्छी बिक्री की वजह से कंपनी अपने बिक्री नेटवर्क में भंडारण के स्तर को कम करने में सफल रही है।

उन्होंने कहा कि हमने अपने नेटवर्क स्टॉक में 40,000 से अधिक इकाइयों की कमी की है। अब हमारा नेटवर्क स्टॉक लगभग एक महीने का है। रियायतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र दर क्षेत्र और बाजार दर बाजार अलग होता है। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी जनवरी में मूल्य वृद्धि की योजना बना रही है, बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारी वित्त टीम इसकी समीक्षा कर रही है और मेरे लिए इसपर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगा।

ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026 Date: आज है भौम प्रदोष व्रत… जानिए सही पूजा विधि और मुहूर्त

Exit mobile version