Site icon Dainik Savera Times

जून से महंगी होंगी मारुति सुजुकी की कारें, कीमतों में होगी 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी

Maruti Suzuki cars

Maruti Suzuki cars

बिजनेस डेस्क। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने गुरुवार को घोषणा की है कि वह जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि उसने अपने सभी मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।

नियामकीय फाइलिंग में कंपनी ने कहा, “इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी ने जून 2026 से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।” आधिकारिक बयान में कंपनी ने कहा कि ऑटोमोबाइल उद्योग पर कच्चे माल और परिचालन लागत में लगातार वृद्धि का असर पड़ रहा है, जिसके कारण यह फैसला लिया गया है। कंपनी ने आगे कहा, “पिछले कुछ महीनों से कंपनी लागत कम करने के कई उपायों के जरिए लागत बढ़ोतरी के असर को कम करने की लगातार कोशिश कर रही थी।”

मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि उसने पिछले कुछ महीनों में लागत कम करने के कई कदम उठाए, ताकि बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन किया जा सके, लेकिन लगातार बढ़ते खर्चों के कारण कीमतों में आंशिक बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े, इसके लिए हर संभव कोशिश की गई है।

कंपनी ने फाइलिंग में कहा, “हालांकि, अब महंगाई का दबाव काफी बढ़ गया है और प्रतिकूल लागत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में कंपनी को बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार पर डालना पड़ रहा है, जबकि ग्राहकों पर असर न्यूनतम रखने की कोशिश जारी रहेगी।” कंपनी ने यह भी कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडलों के हिसाब से अलग होगी। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब भारत में कई ऑटोमोबाइल कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, लॉजिस्टिक्स खर्च और सप्लाई चेन में बढ़ते महंगाई दबाव के कारण अपने वाहनों की कीमतें बढ़ा चुकी हैं।

इससे पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी 6 अप्रैल से अपने एसयूवी और कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। कंपनी ने कहा था कि इनपुट और परिचालन लागत बढ़ने के कारण वाहनों की कीमतों में 2.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी, जबकि औसतन कीमतें करीब 1.6 प्रतिशत बढ़ेंगी।

Exit mobile version