मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखी गई और बीएसई का सैंसेक्स 1,100 अंक से अधिक की बढ़त में बंद हुआ। सैंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले सुबह 27 अंक की तेजी के साथ 71,951.73 अंक पर खुला। खुलते ही यह लाल निशान में 71,703.56 अंक तक उतर गया लेकिन फिर तुरंत हरे निशान में आ गया। अंत में सैंसेक्स 1,109.10 अंक (1.54 %) चढ़कर 73,033.78 अंक पर रहा।
इससे पहले यह ऊपर 73,045.67 अंक तक गया था। इसमें 1,342 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी सुबह सपाट खुलने के बाद अंत में 358.60 अंक यानी 1.60% की बढ़त में 22,721.95 अंक पर पहुंच गया। रुपए में लगातार दूसरे दिन जारी तेजी से शेयर बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है। अच्छे तिमाही परिणामों से आईटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही।
वृहत बाजार में भी चौतरफा लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.87% और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.11% मजबूत हुआ। निफ्टी आईटी सूचकांक 5.22% उछल गया। रियल्टी समूह का सूचकांक 2.46 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। ऑटो, बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे। सैंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टैक्नोलॉजीज का शेयर 8% से ज्यादा उछल गया।
कंपनी ने बताया था कि मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 21.2% बढ़कर 5,132 करोड़ रुपए और राजस्व 11.5 फीसदी बढ़कर 35,620 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। अन्य आईटी कंपनियों में टीसीएस का शेयर साढ़े 6%, टैक महिंद्रा का करीब 5% और इंफोसिस का साढ़े 4% की बढ़त में रहा।

