McDonald Expands in India: नई दिल्ली: भारत में मैकडॉनल्ड्स रेस्तरां के मास्टर फ्रेंचाइज़र कनॉट प्लाजा रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (सीपीआरएल) ने अपने नेटवर्क विस्तार के लिए बड़े कदम उठाए हैं। कंपनी ने अगले तीन से चार वर्षों में 1,280.7 करोड़ रुपये तक निवेश करने की घोषणा की है। इसके तहत, सीपीआरएल का उद्देश्य 2030 तक अपने स्टोर्स की संख्या को दोगुना करके 600 तक पहुंचाना है।
-McDonald ने बनाई भारत में विस्तार की योजना
सीपीआरएल के वाइस चेयरमैन, अनंत अग्रवाल ने इस विस्तार योजना के बारे में कहा, “हमारे पास वृद्धि के लिए बहुत आक्रामक रणनीतियाँ हैं। भारतीय बाजार में संभावनाएं बेहद विशाल हैं, और हम इस साल के अंत तक 300 स्टोर्स तक पहुंचने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद, अगले तीन से चार वर्षों में हम इसे दोगुना से भी ज्यादा बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। 2030 तक हमारे पास 500 से 600 स्टोर्स होने चाहिए।”
-इस साल के अंत तक 200 से पार होगी संख्या
इसके अलावा, सीपीआरएल मैककैफे के विस्तार पर भी ध्यान दे रहा है, जो मैकडॉनल्ड्स का कैफे ब्रांड है। वर्तमान में भारत में 125 मैककैफे आउटलेट्स हैं, और यह संख्या इस साल के अंत तक 200 तक पहुंचने का अनुमान है। यह विस्तार विशेष रूप से छोटे कस्बों और टियर-3 शहरों में होने की संभावना है, जहां छोटे स्टोर प्रारूपों के साथ नए अवसरों का लाभ उठाने की योजना बनाई जा रही है।
-नए क्षेत्रों में भी अपने पंख फैला रहा McDonald
सीपीआरएल का ध्यान न केवल मौजूदा बाजारों में वृद्धि पर है, बल्कि वे नए क्षेत्रों में भी अपने पंख फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि मैकडॉनल्ड्स और मैककैफे दोनों की उपस्थिति को हर हिस्से में मजबूत किया जा सके।
भारत में मैकडॉनल्ड्स का तेजी से विस्तार और अधिक स्टोर खोलने की योजना कंपनी की भारतीय बाजार में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

