Site icon Dainik Savera Times

मीशो ने छह महीने में 52 लाख नकली, प्रतिबंधित उत्पादों को अपने मंच से हटाया

नयी दिल्ली: सॉफ्टबैंक सर्मिथत ई-कॉमर्स कंपनी मीशो ने पिछले छह महीने में करीब 42 लाख नकली व नियमों का उल्लंघन करने वाले उत्पाद और 10 लाख प्रतिबंधित उत्पादों को अपने मंच से हटाया है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मीशो के एक अधिकारी ने बताया कि हटाए गए उत्पाद मीशो के मंच पर सूचीबद्ध कुल उत्पादों के पांच प्रतिशत से भी कम हैं। कंपनी के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट सुरक्षा’ प्रणाली ने 12,000 से अधिक नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खातों का पता लगाया है और उनकी मंच तक पहुंच प्रतिबंधित की।

मीशो की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘इस परियोजना के प्रभावशाली परिणाम मिले हैं। पिछले छह महीने में करीब 42 लाख नकली व नियमों का उल्लंघन करने वाले उत्पाद और 10 लाख प्रतिबंधित उत्पाद मंच से हटाए गए हैं।’’ कंपनी के संस्थापक व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी संजीव बर्नवाल ने कहा कि कंपनी ने गुणवत्ता जांच को लगातार बेहतर करने और नकली उत्पादों व नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं की प्रभावी ढंग से पहचान करने के लिए उन्नत प्रोद्यौगिकी का इस्तेमाल किया।

ये भी पढ़ें : VIDEO: बल्लेबाजी के दौरान Tilak Varma के कलाई में लगी गेंद, टूट गया फिटनेस बैंड, बीच मैदान में मचा हड़कंप

Exit mobile version