Microsoft’s server outage: भारत समेत दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप पड़ गई, जिसके कारण यूजर्स आउटलुक और टीम्स जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल नहीं कर पाए। यूजर्स को इन प्लेटफॉर्म्स में भारी आउटेज का सामना करना पड़ा है।
आउटेज-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम’ पर आउटलुक से जुड़ी समस्याओं की 1 लाख से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गईं। इस रुकावट का असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक की एआई सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी पड़ा।
बड़ी संख्या में बंद हुए सर्वर
माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान में कहा, “हम इस समस्या के असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।” कंपनी ने यह भी बताया कि वह अपने एडमिन सेंटर के जरिए लगातार अपडेट दे रही है।
अपने ताजा अपडेट में माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि यह समस्या ‘बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक ठप हो जाने’ की वजह से आई है। हालांकि कंपनी ने इसके सटीक कारण नहीं बताए। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह अभी भी इस आउटेज की जांच कर रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ा लोड
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर ‘बहुत अधिक लोड’ आ गया है और वे इस लोड को संतुलित करने के लिए कनेक्शन ट्रैफिक को अपने वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिर से बांट रहे हैं।
सेवाएं बहाल करने की कोशिशें जारी
टेक कंपनी ने बताया कि उसकी टीम ने सभी नए डिप्लॉयमेंट रोक दिए हैं, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर से ट्रैफिक को दूसरी जगह भेजा जा रहा है और प्रभावित सर्वरों को फिर से शुरू किया जा रहा है, ताकि सेवाएं बहाल हो सकें। कंपनी का कहना है कि इस आउटेज से उसका ‘डिफेंडर एक्सडीआर’ सुरक्षा सिस्टम भी प्रभावित हुआ है।
‘माइक्रोसॉफ्ट 365’ भी हो सकता है प्रभावित
इससे पहले, माइक्रोसॉफ्ट ने बताया था कि उसने उत्तरी अमेरिका में ‘टीम्स’ सेवा में आई रुकावट को ठीक कर लिया है और समस्या पूरी तरह सुलझ गई है। बाद में कंपनी ने कहा कि यह समस्या अन्य क्षेत्रों के उपयोगकर्ताओं के लिए ‘माइक्रोसॉफ्ट 365’ सेवा की कनेक्टिविटी को भी प्रभावित कर सकती है।

