Motorola Moto One Launch: Motorola जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन Motorola Moto One लॉन्च कर सकती है। बता दें कि लॉन्च से पहले इस फोन को WPC और Geekbench वेबसाइट पर देखा गया है। यहां फोन के कई फीचर्स की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फोन में 15W वायरलेस चार्जिंग, दमदार प्रोसेसर और 12GB रैम मिल सकती है। बताया जा रहा है कि कंपनी इस फोन को Edge और Signature सीरीज के बीच लॉन्च कर सकती है। आइए जानते हैं इस फोन के फीचर्स के बारे में…
कैसा होगा Motorola Moto One का डिजाइन?
Motorola Moto One का डिजाइन काफी शानदार हो सकता है। इसमें फ्लैट डिस्प्ले दिया जा सकता है। स्क्रीन के ऊपर बीच में सेल्फी कैमरे के लिए छोटा सा पंच-होल मिलेगा। फोन के पीछे की तरफ स्क्वायर शेप में कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है। इसके बैक पैनल पर वीगन लेदर जैसी फिनिश मिल सकती है, जिससे फोन देखने में प्रीमियम लगेगा।
फोन में मिलेगा 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट
बता दें कि इस फोन की सबसे खास बात इसका वायरलेस चार्जिंग फीचर हो सकता है। Motorola Moto One को WPC वेबसाइट पर XT2771-1 मॉडल नंबर के साथ देखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, फोन में 15W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है। यानी यूजर्स बिना चार्जिंग केबल लगाए भी फोन चार्ज कर सकेंगे। वहीं, कंपनी के Motorola Signature स्मार्टफोन में 50W वायरलेस और 90W वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। इस फोन की भारत में शुरुआती कीमत 59,999 रुपये रखी गई थी।
दमदार प्रोसेसर और 12GB रैम मिलने की उम्मीद
Motorola Moto One को Geekbench वेबसाइट पर भी देखा गया है। यहां से फोन के प्रोसेसर और रैम की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया जा सकता है। इसके साथ 12GB रैम मिलने की उम्मीद है। फोन Android 16 पर काम कर सकता है। Geekbench टेस्ट में इस फोन को सिंगल-कोर में 2109 और मल्टी-कोर में 8586 स्कोर मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फोन की स्पीड और परफॉर्मेंस अच्छी हो सकती है।
बैटरी और कीमत की जानकारी अभी नहीं आई
Motorola Moto One की बैटरी, कैमरा और कीमत के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी ने भी इसकी लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, फोन के सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर आने के बाद उम्मीद है कि जल्द ही इसके बाकी फीचर्स की जानकारी भी सामने आ सकती है।

