Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नेपाल ने भारत से प्याज का आयात फिर से किया शुरू

August 25, 2023

बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नेपाल ने भारत से प्याज का आयात फिर से किया शुरू

 

काठमांडू: त्योहारी मौसम से पहले बढ़ती घरेलू मांग को पूरा करने के लिए नेपाल के व्यापारियों ने भारत से प्याज का आयात फिर से शुरू कर दिया है। भारत द्वारा प्याज पर 40 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगाने के बाद इसकी आपूर्ति रुक गई थी। पिछले सप्ताह दुनिया के सबसे बड़े प्याज निर्यातक देश भारत ने विदेशी बाजार में इसकी आपूर्ति पर अंकुश के लिए 31 दिसंबर तक 40 प्रतिशत का शुल्क लगा दिया था।

यह कदम त्योहारी मौसम से पहले कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच उठाया गया है। इस नए शुल्क ने नेपाल को गंभीर रूप से प्रभावित किया है क्योंकि कालीमाटी फल और सब्जी बाजार – कृषि उत्पादों के लिए इस हिमालयी देश का सबसे बड़ा थोक बाजार – के कई व्यापारियों ने प्याज की अचानक कमी की सूचना दी है।

नेपाल अपनी जरूरत का 99 प्रतिशत प्याज भारत से आयात करता है। नेपाल में व्यापारियों ने पिछले 48 घंटों में भारत से 265 टन प्याज का आयात किया, जिससे त्योहारी मौसम से पहले इस सब्जी की सुचारू आपूर्ति फिर से शुरू करने में मदद मिली।

कालीमाटी फल और सब्जी बाजार विकास बोर्ड के प्रवक्ता बिनय श्रेष्ठ ने कहा कि बुधवार को भारत से 120 टन प्याज आयात किया गया था और बृहस्पतिवार को दोपहर तक 145 टन प्याज आया। उन्होंने कहा कि कर समायोजन के बाद प्याज का थोक भाव 75 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है।

भारत द्वारा सब्जी पर निर्यात शुल्क लगाए जाने के बाद नेपाल के व्यापारियों ने सोमवार और मंगलवार को प्याज का आयात रोक दिया था। नेपाल के खुदरा बाजार में जो प्याज 70 रुपये किलो बिक रहा था. वह निर्यात कर लगने के बाद 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। हालांकि, आपूर्ति सुचारू हो गई है, बाजार में प्याज की कोई कमी नहीं है।

ये भी पढ़ें : अलवर में जज का हुआ अंतिम संस्कार, रोते हुए पिता ने दी मुखाअग्नि, पत्नी-बच्चे संस्कार में नहीं हुए शामिल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें