Site icon Dainik Savera Times

स्ट्रीमिंग दुनिया में बड़ा भूचाल! Netflix ने Warner Bros.Discovery से की करोड़ों की डील

नई दिल्ली: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने मनोरंजन की दुनिया में एक नया अध्याय शुरू कर दिया है। बता दें कि नेटफ्लिक्स ने वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के फिल्म, टीवी स्टूडियो और स्ट्रीमिंग डिवीजन को 72 बिलियन डॉलर यानी लगभग 6.47 लाख करोड़ रुपए में खरीद लिया। यह ओटीटी उद्योग में अब तक का सबसे बड़ा मर्जर माना जा रहा है।

वॉर्नर ब्रदर्स का इतिहास और विरासत

वॉर्नर ब्रदर्स स्टूडियो की स्थापना 1923 में चार भाइयों- हैरी, अल्बर्ट, सैम और जैक वार्नर ने की थी। 1927 में उन्होंने हॉलीवुड की पहली आवाज़ वाली फिल्म द जैज़ सिंगर रिलीज़ की थी। कैलिफोर्निया के बरबैंक में स्थित यह स्टूडियो दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित फिल्म प्रोडक्शन हाउस में से एक है।

वॉर्नर ब्रदर्स ने सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं रहे बल्कि टीवी शो, एनीमेशन और वीडियो गेम जैसे कई एंटरटेनमेंट सेक्टर में भी अपनी पकड़ बनाई। इसके पोर्टफोलियो में डीसी कॉमिक्स, हैरी पॉटर, बैटमैन, सुपरमैन और लॉर्ड ऑफ द रिंग्स जैसी हॉलीवुड फ्रेंचाइजी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: रुपये में भारी गिरावट को लेकर बोलीं वित्त मंत्री, “करेंसी अपना रास्ता खुद खोज लेगी”

नेटफ्लिक्स को मर्जर से क्या लाभ मिलेगा

इस ऐतिहासिक डील के बाद नेटफ्लिक्स अब अपने ओरिजिनल वेब शोज के साथ-साथ वॉर्नर ब्रदर्स की ग्लोबल हिट फिल्मों, लोकप्रिय हॉलीवुड फ्रेंचाइजी, क्लासिक फिल्मों, टीवी शो और एनीमेटेड कंटेंट का मालिक बन जाएगा। इसका मतलब है कि दर्शकों को अब एक ही प्लेटफॉर्म पर पुराने क्लासिक्स और नए जमाने की वेब-सीरीज़ दोनों का आनंद मिलेगा।

नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी की ग्रोथ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अब नेटफ्लिक्स की लाइब्रेरी में दुनिया भर के वर्ल्ड-क्लास कंटेंट का खजाना मौजूद होगा, जिससे दर्शकों के पास मनोरंजन के अपार विकल्प होंगे। यह मर्जर केवल एक स्ट्रीमिंग डील नहीं है, बल्कि हॉलीवुड की समृद्ध विरासत और नए डिजिटल युग का एक शानदार संगम है।

Exit mobile version