Site icon Dainik Savera Times

राजमार्गों पर सफर करना हुआ महंगा, NHAI ने टोल रेट में की 5% की बढ़ोतरी 

नई दिल्ली: मंगलवार से राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रा करना महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देशभर के राजमार्ग खंडों पर टोल शुल्क में औसतन चार से पांच फीसदी की बढ़ोतरी की है। राजमार्ग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों के लिए संशोधित टोल शुल्क मंगलवार से लागू हो गए हैं।

एनएचएआई ने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के लिए टोल दरों में बढ़ोतरी को अलग से अधिसूचित किया है। अधिकारी के मुताबिक टोल शुल्क में संशोधन सालाना कवायद का हिस्सा है। यह थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति में बदलाव से जुड़ा है। हर साल इसे एक अप्रैल से लागू किया जाता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर करीब 855 यूजर फीस प्लाजा हैं, जिन पर राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण और संग्रह) नियम, 2008 के अनुसार शुल्क लिया जाता है। इनमें से करीब 675 सार्वजनिक वित्त पोषित शुल्क प्लाजा हैं और 180 राजमार्ग विकास कंपनियों द्वारा संचालित टोल प्लाजा हैं। संशोधित दरें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे सहित देश भर के प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को प्रभावित करेंगी।

ये भी पढ़ें- ईरान पर इजरायल का सख्त रुख बरकरार, नेतन्याहू बोले- ‘अभी खत्म नहीं हुआ अभियान’

Exit mobile version