Site icon Dainik Savera Times

NHAI ने Reliance JIO से सुरक्षा चेतावनी प्रणाली लागू करने के लिए किया समझौता

नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की एनएचएआई ने कहा कि उसने रिलायंस जियो के साथ पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नैटवर्क पर दूरसंचार आधारित सुरक्षा चेतावनी प्रणाली शुरू करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एनएचएआई ने बताया कि जियो के मौजूदा 4जी और 5जी नैटवर्क का उपयोग करके यात्रियों को उनके मोबाइल फोन पर चेतावनी मिलेगी। ये चेतावनी उस समय मिलेगी, जब यात्री दुर्घटना-संभावित क्षेत्र, आवारा पशु वाले इलाके, कोहरे से प्रभावित क्षेत्र और आपातकालीन मार्ग परिवर्तन जैसे जोखिमपूर्ण स्थानों के करीब पहुंचेंगे।

इस पहल का मकसद राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को समय पर जानकारी देकर सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। इससे यात्री पहले ही सावधान हो जाएंगे और उसी के अनुसार गाड़ी चलाएंगे। बयान में कहा कि चेतावनी एसएमएस, व्हाट्सएप्प और उच्च प्राथमिकता वाली कॉल के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को भेजी जाएगी। इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से एनएचएआई के डिजिटल मंच जैसे ‘राजमार्गयात्र’ मोबाइल एप्प और आपातकालीन हैल्पलाइन नंबर 1033 के साथ जोड़ा जाएगा। यह स्वचालित प्रणाली राष्ट्रीय राजमार्गो पर या उसके आसपास मौजूद सभी जियो मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए काम करेगी।

ये भी पढ़ें- सिलेंडर में कितनी बची है गैस? 2 मिनट में ऐसे करें पता, अपनाएं ये स्मार्ट ट्रिक

Exit mobile version