यूरोपीय देश नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुलाकात में भारत में जारी सुधारों की रफ्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस साल के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा का बेसब्री से इंतजार है।
बैठक के दौरान स्टोर ने कहा कि नॉर्वे और भारत मत्स्य, हेल्थ टेक, समुद्री क्षेत्र और स्पेस सेक्टर में सहयोग को और मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने नॉर्वे में बसे भारतीय समुदाय के योगदान की भी सराहना की।
वित्त मंत्रालय के बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने ईएफटीए और टीईपीए समझौतों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की। सहयोग के जिन प्रमुख क्षेत्रों पर बात हुई, उनमें उच्च-तकनीकी विनिर्माण, कार्बन कैप्चर और स्टोरेज, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और अपशिष्ट प्रबंधन शामिल हैं।
सीतारमण ने ओस्लो में नॉर्वे की व्यापार एवं उद्योग मंत्री सेसिली मैसरेथ और मत्स्य पालन एवं महासागर नीति के राज्य सचिव इवान ट्रोनस्टैड सेजबक्केन से भी मुलाकात की। इस दौरान हरित प्रौद्योगिकी, रेयर अर्थ प्रोसेसिंग, समुद्री और जहाजरानी उद्योग तथा मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में गहन सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मैसरेथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी की संभावित यात्रा को लेकर उत्साह जताया, जबकि सेजबक्केन ने नॉर्वे के समुद्री उद्योग में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि टीईपीए का समय पर और प्रभावी कार्यान्वयन दोनों देशों के लिए पारस्परिक लाभ सुनिश्चित करेगा। ओस्लो में उन्होंने 35 से अधिक प्रमुख सीईओ और निवेशकों के साथ गोलमेज बैठक में भाग लिया और भारत को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य तथा दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में प्रस्तुत किया।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 सरकार के उस फोकस को दर्शाता है, जिसके तहत नागरिकों और कंपनियों के लिए नियामकीय और अनुपालन संबंधी बोझ को कम करने पर जोर दिया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...