मुंबई : रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों के लिए जियोशील्ड फीचर पेश किया है जिससे वे परिवार को बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़ी बातों के बेहतर ध्यान रख सकेंगे। कंपनी ने बताया कि बच्चे घर से बाहर हों या बुजुर्ग अकेले निकले हों, उनकी लोकेशन से लेकर जरूरत के वक्त एसओएस अलर्ट तक अब एक ही जगह मिल सकेगा। जियोशील्ड में परिवार की बाहर और ऑनलाइन दोनों तरह की सुरक्षा के लिए लोकेशन ट्रैकिंग, एसओएस अलर्ट, स्क्रीन टाइम और ऐप-कॉन्टैक्ट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
इसके जरिए माता-पिता बच्चे की लोकेशन देख सकेंगे और सुरक्षा को लेकर जरूरी अलर्ट पा सकेंगे। फोन की बैटरी कम होने पर भी अलर्ट मिलेगा। बच्चों के मामले में यह तय किया जा सकेगा कि वे किन एप्स और कॉन्टैक्ट का इस्तेमाल करें और स्क्रीन पर कितना समय बिताएं। यानी उनके ऑनलाइन इस्तेमाल पर भी नजर और नियंत्रण रखा जा सकेगा।
यही सुविधा बुजुर्ग माता-पिता से जुड़े रहने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए भी इस्तेमाल की जा सकती है। इसके लिए ग्राहक को अपने फोन में जियोथिंग्स एप्प और बच्चे या बुजुर्ग के फोन में जियोशील्ड एप्प इंस्टॉल करना होगा। दोनों फोन पर जियो के नंबर होना अनिवार्य होगा। जियोशील्ड की सालाना कीमत 1,000 रुपए है जिसका एकमुश्त भुगतान करना होगा।

