Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

परमाणु ऊर्जा पर बड़ा प्लान, एनटीपीसी 2047 तक लगाएगा 30 गीगावाट क्षमता

February 5, 2026

परमाणु ऊर्जा पर बड़ा प्लान, एनटीपीसी 2047 तक लगाएगा 30 गीगावाट क्षमता

सरकारी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी ने वर्ष 2047 तक देश में 30 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। यह जानकारी केंद्रीय विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने गुरुवार को संसद में दी।

मंत्री ने बताया कि सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद एनटीपीसी ने कंपनी अधिनियम के तहत अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली परमाणु सहायक कंपनी एनटीपीसी परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीयूएनएल) का गठन किया है।

लोकसभा में एक लिखित उत्तर में उन्होंने कहा कि एनटीपीसी का 30 गीगावाट का लक्ष्य सरकार की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 2047 तक देश की कुल परमाणु ऊर्जा क्षमता 100 गीगावाट तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि एनटीपीसी और न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) का संयुक्त उद्यम, अनु शक्ति विद्युत निगम लिमिटेड, राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में 4×700 मेगावाट की परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है। इस परियोजना को माही बांसवाड़ा राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना (एमबीआरएपीपी) नाम दिया गया है। मौजूदा अनुमान के अनुसार, इसकी पहली 700 मेगावाट इकाई का प्रारंभिक परीक्षण वित्त वर्ष 2032-33 तक शुरू हो सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि विभिन्न विकल्पों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए एनटीपीसी लिमिटेड ने रुचि पत्र यानी ईओआई जारी किया है।

इस बीच, एनटीपीसी ने हाल ही में गुजरात और राजस्थान में अपनी सहायक कंपनियों की सौर परियोजनाओं के जरिए 359.58 मेगावाट नई वाणिज्यिक क्षमता जोड़ी है, जिससे समूह की कुल वाणिज्यिक क्षमता 85.5 गीगावाट से अधिक हो गई है।

एनटीपीसी देश की करीब एक चौथाई बिजली जरूरतों को पूरा कर रही है। कंपनी की कुल स्थापित क्षमता 85 गीगावाट से ज्यादा है, जबकि 30.90 गीगावाट अतिरिक्त क्षमता निर्माणाधीन है, जिसमें 13.3 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा शामिल है।

कंपनी ने 2032 तक 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य भी रखा है, जिससे भारत के नेट जीरो लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। एनटीपीसी का कहना है कि थर्मल, हाइड्रो, सौर और पवन ऊर्जा के विविध पोर्टफोलियो के जरिए वह देश को भरोसेमंद, किफायती और टिकाऊ बिजली उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें