Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ola Electric ने Generation-3 platform पर आधारित 8 नए स्कूटर किए लॉन्च 

January 31, 2025

Ola Electric ने Generation-3 platform पर आधारित 8 नए स्कूटर किए लॉन्च 
Ola Electric Scooter : ओला इलेक्ट्रिक ने शुक्रवार को कहा कि उसने अपने ‘जनरेशन 3’ प्लेटफॉर्म पर विकसित एस1 ब्रांड के तहत आठ स्कूटर मॉडल पेश किए हैं जिनकी कीमत 79,999 रुपये से 1,69,999 रुपये के बीच है। कंपनी ने कहा कि वह ‘जनरेशन 3’ पर आधारित एस1 स्कूटर के साथ अपने ‘जनरेशन 2’ आधारित स्कूटर की भी खुदरा बिक्री जारी रखेगी। ओला ने कहा कि वह ‘जनरेशन 2’ स्कूटर पर 35,000 रुपये तक की छूट भी देगी।
अब एस1 प्रो मॉडल की कीमत 1,14,999 रुपये हो जाएगी जबकि एस1 एक्स के दो किलोवाट घंटा, तीन किलोवाट घंटा और चार किलोवाट घंटा क्षमता वाले मॉडलों की कीमतें क्रमश? 69,999 रुपये, 79,999 रुपये और 89,999 रुपये से शुरू होंगी। ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भविष अग्रवाल ने बयान में कहा, ‘‘कंपनी ने जनरेशन-2 स्कूटर के साथ हर कीमत श्रृंखला में सभी भारतीयों के लिए स्कूटर उपलब्ध कराए थे और अब हम जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म वाले स्कूटर के साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया उद्योग को अगले मुकाम पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘जनरेशन 3’ प्लेटफॉर्म बेजोड़ प्रदर्शन, बेहतर दक्षता और खुद के लिए निर्धारित मानकों को नए सिरे से पेश कर रहा है, और यह उद्योग को एक बार फिर बदल देगा।
जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म पर आधारित स्कूटरों में एस1 प्रो प्लस शृंखला के 5.3 किलोवाट घंटा और चार किलोवाट घंटा वाले दो मॉडल हैं जिनकी कीमत क्रमश 1,69,999 रुपये और 1,54,999 रुपये है। वहीं एस1 प्रो शृंखला के चार किलोवाट घंटा और तीन किलोवाट घंटा मॉडल की कीमत क्रमश 1,34,999 रुपये और 1,14,999 रुपये है। ओला इलेक्ट्रिक के एस1 एक्स शृंखला की कीमत दो किलोवाट घंटा बैटरी वाले मॉडल के लिए 79,999 रुपये, तीन किलोवाट घंटा के लिए 89,999 रुपये और चार किलोवाट घंटा वाले मॉडल के लिए 99,999 रुपये है। इसके अलावा कंपनी ने चार किलोवाट घंटा क्षमता वाले एस1 एक्स प्लस मॉडल की कीमत 1,07,999 रुपये निर्धारित की है। कंपनी का दावा है कि जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म प्रदर्शन, दक्षता, सुरक्षा और विश्वसनीयता को अगले स्तर तक ले जाता है। पिछले जनरेशन मॉडलों के मुकाबले, जनरेशन-3 स्कूटर की अधिकतम ताकत में 20 प्रतिशत की वृद्धि, लागत में 11 प्रतिशत की कमी और रेंज में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें