नई दिल्ली: बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुव्रेद की कुल आमदनी पिछले वित्त वर्ष में 23.15 प्रतिशत बढ़कर 9,335.32 करोड़ रुपए हो गई है। कंपनी रजिस्ट्रार को दी सूचना में कहा कि इसमें पतंजलि फूड्स (पूर्व में रुचि सोया) की बिक्री पेशकश (ओएफएस) और समूह की अन्य इकाइयों से आय शामिल है। कारोबार सूचना मंच टॉफलर द्वारा जुटाई जानकारी के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में पतंजलि आयुव्रेद की अन्य आय 2,875.29 करोड़ रुपए रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 46.18 करोड़ रुपए थी। परिचालन से इसकी आय (मुख्य रूप से शुद्ध बिक्री से आय) पिछले वित्त वर्ष के लिए 14.25 प्रतिशत घटकर 6,460.03 करोड़ रुपए रही। पतंजलि आयुव्रेद द्वारा 1 जुलाई, 2022 को अपने खाद्य कारोबार को पतंजलि फूड्स को हस्तांतरित करने से राजस्व प्रभावित हुआ। पतंजलि के खाद्य कारोबार में बिस्कुट, घी, अनाज और न्यूट्रास्युटिकल्स शामिल हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में इसका कुल लाभ 5 गुना होकर 2,901.10 करोड़ रुपए हो गया। पतंजलि आयुव्रेद की आमदनी वित्त वर्ष 2022-23 में 7,533.88 करोड़ रुपए और कुल मुनाफा 578.44 करोड़ रुपए रहा। गैर-सूचीबद्ध इकाई पतंजलि आयुव्रेद की कुल आय (अन्य आय समेत) वित्त वर्ष 2022-23 में 7,580.06 करोड़ रुपए थी।
ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026 Date: आज है भौम प्रदोष व्रत… जानिए सही पूजा विधि और मुहूर्त

