Pizza Hut sold: दुनिया की सबसे प्रसिद्ध पिज्जा चेन में शामिल Pizza Hut अब नए मालिकों के हाथों में जाने वाली है। Yum Brands ने घोषणा की है कि वह Pizza Hut को प्राइवेट इक्विटी फर्म LongRange Capital को 2.7 अरब डॉलर (करीब 22,000 करोड़ रुपये) में बेच रही है। इस सौदे के साथ Pizza Hut के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।
एक समय ऐसा था जब Pizza Hut पिज्जा बाजार की सबसे बड़ी पहचान हुआ करती थी। इसके बड़े डाइन-इन रेस्टोरेंट, लाल रंग की छतें और सलाद बार ग्राहकों को आकर्षित करते थे। परिवार और दोस्तों के साथ बाहर खाना खाने के लिए यह पसंदीदा जगहों में से एक थी।हालांकि, समय के साथ खाने-पीने का तरीका बदल गया। लोग रेस्टोरेंट जाने के बजाय घर बैठे खाना ऑर्डर करने लगे। ऑनलाइन ऑर्डरिंग और मोबाइल ऐप्स के बढ़ते इस्तेमाल ने फूड इंडस्ट्री की तस्वीर बदल दी। लेकिन Pizza Hut इस बदलाव के साथ उतनी तेजी से कदम नहीं मिला सकी, जितनी उसके प्रतिस्पर्धियों ने मिलाए।
Domino’s से पिछड़ने के बाद Pizza Hut की बिक्री
Pizza Hut के लिए सबसे बड़ी चुनौती Domino’s Pizza साबित हुई। Domino’s ने समय रहते ऑनलाइन ऑर्डरिंग और तेज डिलीवरी सिस्टम पर जोर दिया। कंपनी ने तकनीक में बड़ा निवेश किया और ग्राहकों को आसान डिजिटल अनुभव दिया। इसका फायदा उसे मिला और धीरे-धीरे उसने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली। साल 2017 में Domino’s ने Pizza Hut को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे बड़ी पिज्जा चेन का स्थान हासिल कर लिया। यह Pizza Hut के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि वह कई दशकों तक इस क्षेत्र की अग्रणी कंपनी रही थी।
इसके अलावा, DoorDash जैसी थर्ड-पार्टी फूड डिलीवरी कंपनियों ने भी बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ा दी। अब ग्राहकों को एक ही ऐप पर कई रेस्तरां और ब्रांड्स के विकल्प मिलने लगे। इससे Pizza Hut की पारंपरिक ग्राहक पकड़ कमजोर हुई और उसकी बिक्री पर दबाव बढ़ता गया।
1958 में हुई थी शुरूआत
Pizza Hut की शुरुआत वर्ष 1958 में अमेरिका के कंसास राज्य में हुई थी। कंपनी ने तेजी से विस्तार किया और 1971 तक यह दुनिया की सबसे बड़ी पिज्जा चेन बन गई। वर्ष 1969 में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई और 1977 में PepsiCo ने इसका अधिग्रहण कर लिया। बाद में PepsiCo के रेस्टोरेंट कारोबार से KFC, Taco Bell और Pizza Hut जैसे ब्रांड अलग होकर Yum! Brands के तहत आए।
अब लगभग सात दशक पुराने इस प्रतिष्ठित ब्रांड की कमान LongRange Capital के हाथों में जाएगी, जिससे कंपनी के भविष्य को लेकर नई उम्मीदें और नई रणनीतियां देखने को मिल सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नए स्वामित्व के तहत Pizza Hut डिजिटल तकनीक, डिलीवरी नेटवर्क और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान दे सकती है, ताकि वह एक बार फिर बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना सके।

